Gurugram- गुरुग्राम में सड़क सुरक्षा को लेकर पुलिस ने बाइक राइडर्स के साथ विशेष बैठक कर उन्हें सुरक्षित और जिम्मेदार ड्राइविंग के प्रति जागरूक किया।ग्वाल पहाड़ी चौकी के पास अलग-अलग कैफे में आयोजित इस बैठक में गुरुग्राम पुलिस के डीसीपी ईस्ट एवं ट्रैफिक संदीप कुमार, एसीपी डीएलएफ विष्णु प्रसाद और डीएलएफ फेज-1 थाना प्रभारी निरीक्षक मनोज कुमार मौजूद रहे। बैठक में दिल्ली, गुरुग्राम, नोएडा और फरीदाबाद समेत अलग-अलग जगहों से आए करीब 60 बाइक राइडर्स ने हिस्सा लिया।

पुलिस अधिकारियों ने बाइक राइडर्स को सड़क सुरक्षा नियमों की जानकारी देते हुए सुरक्षित और जिम्मेदार तरीके से बाइक चलाने के निर्देश दिए।बाइक राइडर्स से कहा गया कि वे निर्धारित स्पीड लिमिट का अनिवार्य रूप से पालन करें और सड़क पर लेन ड्राइविंग के नियमों का ध्यान रखें।इसके अलावा तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने से बचने, अचानक लेन बदलने और जोखिमपूर्ण तरीके से ड्राइविंग नहीं करने की हिदायत दी गई।

पुलिस ने कहा कि सड़क और ट्रैफिक की परिस्थितियों के अनुसार नियंत्रित गति में वाहन चलाना जरूरी है। बाइक राइडर्स को अपनी सुरक्षा के साथ-साथ सड़क पर चल रहे दूसरे वाहन चालकों और राहगीरों की सुरक्षा का भी ध्यान रखने को कहा गया।

पुलिस अधिकारियों ने राइडर्स से अपील की कि वे अपने बाइकिंग ग्रुप और साथी राइडर्स को भी रोड सेफ्टी नियमों के प्रति जागरूक करें।पुलिस ने साफ किया कि सड़क पर सुरक्षित पहुंचना किसी भी राइड का सबसे महत्वपूर्ण उद्देश्य है। स्पीड के बजाय सुरक्षित ड्राइविंग और जागरूकता को प्राथमिकता देने से सड़क दुर्घटनाओं के जोखिम को कम किया जा सकता है।

गुरुग्राम पुलिस ने यह भी कहा कि सड़क सुरक्षा नियमों का उल्लंघन करने वाले बाइकर्स के खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी।पुलिस की लोगों से अपील है कि सड़क पर गति नहीं, बल्कि सुरक्षा को प्राथमिकता दें, निर्धारित स्पीड लिमिट का पालन करें, लेन ड्राइविंग अपनाएं और यातायात नियमों का पालन करते हुए खुद भी सुरक्षित रहें और दूसरों को भी सुरक्षित रखें।





