Gurugram- गुरुग्राम में यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ ट्रैफिक पुलिस ने सख्ती तेज कर दी है। अब पुलिस ने एक ऐसे ट्रक को इंपाउंड किया है, जिस पर कुल 242 चालान लंबित मिले हैं। इन चालानों की कुल जुर्माना राशि 35 लाख 43 हजार 800 रुपये है। बिलासपुर चौक पर नियमित वाहन जांच के दौरान यह मामला सामने आया।

जानकारी के अनुसार, 13 अक्टूबर को बिलासपुर चौक पर जोनल अधिकारी एएसआई प्रशांत वाहनों की जांच कर रहे थे। इसी दौरान एक ट्रक की जांच की गई। रिकॉर्ड खंगालने पर ट्रक पर मोटर वाहन अधिनियम, 1988 की विभिन्न धाराओं के तहत 242 चालान लंबित पाए गए। इनकी कुल जुर्माना राशि 35,43,800 रुपये थी। इसके बाद यातायात पुलिस ने नियमानुसार कार्रवाई करते हुए ट्रक को इंपाउंड कर दिया।

पहले बाइकों पर भी हो चुकी है कार्रवाई

गुरुग्राम में भारी जुर्माना राशि वाले वाहनों के खिलाफ यातायात पुलिस पहले भी कार्रवाई कर चुकी है। इससे पहले लाखों रुपये के लंबित चालानों वाली कुछ मोटरसाइकिलों को भी इंपाउंड किया गया था। इनमें कुछ बाइकों पर 10 लाख रुपये से अधिक के चालान लंबित होने की बात सामने आई थी। अब 242 लंबित चालानों और 35 लाख रुपये से अधिक की जुर्माना राशि वाले ट्रक पर कार्रवाई की गई है।

लंबित चालानों को लेकर पुलिस सख्त

गुरुग्राम यातायात पुलिस लंबे समय से लंबित चालानों का भुगतान नहीं करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ अभियान चला रही है। पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पालन करें और लंबित चालानों का समय पर भुगतान सुनिश्चित करें। इसके साथ ही वाहन के वैध बीमा, प्रदूषण प्रमाण-पत्र और अन्य जरूरी दस्तावेज भी अपडेट रखें। पुलिस के अनुसार, यातायात नियमों का पालन सड़क दुर्घटनाओं को रोकने और सभी सड़क उपयोगकर्ताओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए जरूरी है।