Gurugram- सेक्टर-23 क्षेत्र में कार चलाते समय एक महिला की तबीयत बिगड़ गई। महिला बीच रास्ते में ही बेहोश हो गई। 35 वर्षीय महिला के बीच रास्ते में ही बेहोश होने की सूचना जब पुलिस को मिली तो ईआरवी-265 टीम मौके पर पहुंची और महिला को अस्पताल में भर्ती कराकर उसकी जान बचाई। लीवर की दिक्कत से मेदांता अस्पताल में भर्ती महिला के पति को जब पत्नी के बीच रास्ते में बेहोश होने की जानकारी मिली तो उसने ही पुलिस कंट्रोल रूम पर फोन कर सहायता मांगी जिसके बाद पुलिस की ईआरवी टीम मौके पर पहुंची और महिला को पालम विहार एरिया के मणिपाल अस्पताल में भर्ती कराया और परिजनों को सूचना देकर मौके पर बुलाया।


पुलिस के अनुसार, घटना सुबह करीब 5:45 बजे की है। महिला कार से जा रही थीं, इसी दौरान अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई और उन्हें बेहोशी महसूस होने लगी। उन्होंने अपने पति को फोन कर इसकी जानकारी दी। पति ने मेदांता अस्पताल से ही पुलिस को सूचना दी। ईआरवी-265 टीम ने बिना समय गंवाए मौके पर पहुंचकर महिला को अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में चिकित्सकीय जांच के दौरान पता चला कि महिला के गर्भाशय में समस्या के कारण आंतरिक रक्तस्राव हो रहा था। डॉक्टरों के अनुसार समय पर उपचार नहीं मिलता तो स्थिति गंभीर हो सकती थी।


घटना के बाद ईआरवी टीम ने दोबारा अस्पताल पहुंचकर महिला का हाल जाना। टीम में ईएएसआई दिनेश, ईएएसआई कृष्ण, सिपाही रवि कुमार और एसपीओ करतार सिंह शामिल थे। महिला के परिजनों ने पुलिस की त्वरित कार्रवाई की सराहना करते हुए आभार जताया। पुलिस आयुक्त, गुरुग्राम ने टीम की इस त्वरित और मानवीय कार्यवाही को देखते हुए ईआरवी-265 की पूरी टीम को विशेष रिवॉर्ड देने की घोषणा की है।