Gurugram- कोई भी अपराधी अगर आम जनता को डराने का प्रयास करेगा तो हरियाणा पुलिस उसके साथ आतंकवादी जैसा सलूक करेगी। अगर कोई अपराधी पुलिस की तरफ गन उठाएगा तो उसको जवाब गन से ही मिलेगा। जहां भी पुलिस और अपराधियों के बीच एनकाउंटर हुए हैं वहां पुलिस ने उन्हें मुंहतोड़ जवाब गया है। गुड़गांव में सेक्टर-18 थाने की बिल्डिंग का उद्घाटन करने पहुंचे डीजीपी हरियाणा अजय सिंघल ने कहा कि विदेश में बैठे गैंगस्टरों को पकड़ने के लिए पुलिस की एसओपी तैयार है। वहां से जो लगातार लोगों को फोन कर धमकाया जा रहा है और उस पर अंकुश लगाने की दिशा में पुलिस काम कर रही है। उन्होंने कहा कि पिछले दो साल में हरियाणा पुलिस ने 25 गैंगस्टरों को डिपोर्ट कराया है। उन्होंने कहा कि यह गैंगस्टर किसी भी देश में जाकर छिप लें, लेकिन हरियाणा पुलिस उन्हें पकड़कर जेल में डाल ही देगी। 



डीजीपी ने कहा कि सेक्टर-18 थाने की नई इमारत बनने में साढ़े 4 करोड़ रुपए खर्च किए गए हैं। पुलिस की नई वेलफेयर स्कीम के तहत 50 करोड़ रुपए से ज्यादा राशि प्रति वर्ष खर्च की जा रही है। इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत करने के लिए मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने 640 करोड़ रुपए पुलिस को दिए हैं और अगले दो साल में करीब 1300 करोड़ रुपए पुलिस की मॉडलाइजेशन पर खर्च करेंगे जिसकी शुरूआत हो चुकी है। 


डीजीपी ने कहा कि प्रदेश में इस साल पुलिस ने 8 थाने, 3 पुलिस पोस्ट, 9 पुलिस बिल्डिंग और 313 घर और दो बाउंड्री वाल का निर्माण हरियाणा पुलिस कॉरपोरेशन द्वारा किया गया है। दो पुलिस स्टेशन, 5 बिल्डिंग और 565 घर और 4 बाउंड्रीवाल अभी निर्माणाधीन हैं। नए बजट के साथ 11 पुलिस स्टेशन, 5 पुलिस पोस्ट, 1 पुलिस लाइन, 30 बिल्डिंग और 695 घर बनाएंगे। यह पूरी प्लानिंग विकसित भारत 2047 के तहत किया जा रहा है इसको मुख्यमंत्री स्वयं देख रहे हैं। इसके साथ ही साल 2030 तक पुलिस इंफ्रास्ट्रक्चर पर 4 हजार करोड़ का बजट खर्च करेंगे। इसके बाद डीजीपी ने गुड़गांव पुलिस के अधिकारियों के साथ बैठक की और उन्हे आवश्यक दिशा निर्देश भी जारी किए।