Gurugram- भोंडसी इलाके में पुरानी रंजिश के चलते एक प्रॉपर्टी डीलर और उसके परिवार पर हमला करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि रॉड और डंडों से लैस कुछ युवकों ने पहले प्रॉपर्टी डीलर की कार में तोड़फोड़ की और फिर उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। इस दौरान कार में मौजूद बच्चों को भी निशाना बनाया गया। पीड़ित ने आरोप लगाया है कि हमलावरों ने उसके बेटे को अगवा करने का प्रयास किया और बेटियों के साथ भी मारपीट की। हालांकि, समय रहते बच्चों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचा दिया गया, जिससे बड़ी घटना टल गई। पूरी वारदात आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है।
मामला भोंडसी के रेयान एन्कलेव का है, जहां 9 अक्टूबर की दोपहर उस समय यह घटना हुई, जब प्रॉपर्टी डीलर सुरेश कुमार अपने बच्चों को स्कूल से लेकर घर लौट रहे थे। आरोप है कि रास्ते में कुछ युवकों ने उनकी बलेनो कार को घेर लिया और रॉड व डंडों से हमला कर दिया। हमले में कार के शीशे क्षतिग्रस्त हो गए। इसके बाद आरोपियों ने कार में बैठे सुरेश कुमार और उनके बच्चों के साथ मारपीट की।
घटना के दौरान हालात बिगड़ते देख सुरेश कुमार ने बच्चों को बचाने का प्रयास किया। पीड़ित के मुताबिक, घटनास्थल के पास ही उनका एक परिचित फार्म हाउस में काम करता है। उन्होंने बच्चों को वहां भेज दिया, जहां उन्हें सुरक्षित रखा गया। इसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
सुरेश कुमार ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह मूल रूप से चरखी दादरी के रहने वाले हैं और कई वर्षों से अपने परिवार के साथ रेयान एन्कलेव में रह रहे हैं। वह पहले अकाउंटेंट के तौर पर नौकरी करते थे, लेकिन 2017 में नौकरी छोड़ने के बाद भोंडसी क्षेत्र में प्रॉपर्टी डीलिंग का काम करने लगे।
पीड़ित का आरोप है कि करीब डेढ़ साल पहले कॉलोनी में सड़क निर्माण के दौरान उनका पड़ोस में रहने वाले कुछ युवकों के साथ विवाद हुआ था। इसके बाद से ही आरोपी उनसे रंजिश रखने लगे। सुरेश कुमार को आशंका है कि इसी पुरानी रंजिश के चलते उन पर हमला किया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि हमलावरों ने पहले उनकी गतिविधियों पर नजर रखी और फिर योजनाबद्ध तरीके से वारदात को अंजाम दिया।
वारदात की सूचना मिलने के बाद भोंडसी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। सीसीटीवी फुटेज में कुछ युवक कार पर रॉड से हमला करते और उसके शीशे तोड़ते दिखाई दे रहे हैं। पुलिस ने फुटेज को कब्जे में लेकर आरोपियों की पहचान करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
पुलिस ने पीड़ित की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।






