Gurugram- पालम विहार इलाके में सैलरी को लेकर हुए विवाद में मारपीट करने के मामले में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि कंपनी से बाहर निकलते समय कुछ लोगों ने एक कर्मचारी का रास्ता रोककर उसके साथ गाली-गलौज और मारपीट की थी।मामला पालम विहार स्थित अंसाई प्लाजा का है। यहां रिलायंस ट्रेंड्स स्टोर में डिपार्टमेंट मैनेजर के पद पर कार्यरत एक व्यक्ति ने पुलिस को शिकायत दी थी।
शिकायत के मुताबिक, 22 सितंबर की रात करीब 8 बजे जब वह कंपनी से बाहर निकला, तो मॉल की पार्किंग के रैंप के पास कुछ लोगों ने उसका रास्ता रोक लिया। आरोप है कि आरोपियों ने उसके साथ गाली-गलौज की और फिर मारपीट की।शिकायत मिलने के बाद थाना पालम विहार पुलिस ने संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।जांच के दौरान पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए 24 सितंबर को चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान 19 वर्षीय करण, निवासी आजमगढ़ उत्तर प्रदेश, हाल पता ओम विहार फेज-1 गुरुग्राम; 22 वर्षीय सचिन कन्नौजिया, निवासी सुल्तानपुर उत्तर प्रदेश, हाल पता गांव चौमा गुरुग्राम; 23 वर्षीय विशाल कुमार, निवासी सहरसा बिहार, हाल पता गांव चौमा गुरुग्राम; और 22 वर्षीय राजगुरु, निवासी सहरसा बिहार, हाल पता गांव चौमा गुरुग्राम के रूप में हुई है।
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि आरोपी करण पहले शिकायतकर्ता की कंपनी में काम करता था। पुलिस के अनुसार, करण की करीब 1 महीने 15 दिन की सैलरी बकाया थी।इसी बकाया सैलरी को लेकर कंपनी के बाहर शिकायतकर्ता और आरोपियों के बीच कहासुनी हो गई। पुलिस के मुताबिक, इसी विवाद के बाद आरोपियों ने शिकायतकर्ता के साथ मारपीट की।
फिलहाल चारों आरोपियों को पुलिस ने काबू कर लिया है और मामले में नियमानुसार आगामी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है।






