Gurugram- सावन के पावन महीने में गुरुग्राम के धनचिरी कैंप में शिवभक्त कांवड़ियों की सेवा के लिए भव्य "श्री शिव कांवड़ शिविर" का शुभारंभ किया गया। गुरुग्राम के विधायक मुकेश शर्मा ने विधिवत पूजा-अर्चना के साथ शिविर का उद्घाटन किया और भगवान भोलेनाथ से सभी कांवड़ियों की सुरक्षित एवं मंगलमय यात्रा की कामना की।

शिविर के शुभारंभ के दौरान विधायक मुकेश शर्मा ने कहा कि सावन का महीना आस्था, श्रद्धा और सेवा का पर्व है। उन्होंने कहा कि शिवभक्त कांवड़ियों की सेवा करना भगवान भोलेनाथ की सेवा के समान है। इसी भावना के साथ हर वर्ष की तरह इस बार भी धनचिरी कैंप में कांवड़ शिविर लगाया गया है।

विधायक ने बताया कि शिविर में कांवड़ियों के लिए 24 घंटे विश्राम, शुद्ध भोजन, जलपान, चिकित्सा, प्राथमिक उपचार और अन्य जरूरी सुविधाओं की व्यवस्था की गई है। उद्देश्य यह है कि दूर-दराज़ से आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े और उनकी यात्रा सुरक्षित व सुविधाजनक रहे।

मुकेश शर्मा ने गुरुग्राम पहुंचने वाले सभी शिवभक्तों का स्वागत करते हुए कहा कि सेवा, समर्पण और श्रद्धा की भावना से संचालित यह शिविर कांवड़ियों की यात्रा को अधिक सुगम और सुरक्षित बनाने का प्रयास है। उन्होंने भगवान भोलेनाथ से सभी श्रद्धालुओं के सुख, समृद्धि और सुरक्षित कांवड़ यात्रा की प्रार्थना भी की।






