Gurugram- प्यार और शादी का झांसा देकर इटली की महिला से साइबर ठगी करने के मामले में गुरुग्राम साइबर पुलिस ने कार्रवाई की है। इटली मूल की रहने वाली एक महिला की शिकायत पर पुलिस थाना साइबर अपराध (पश्चिम) में धाेखाधड़ी से संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
एसीपी गौरव फोगाट ने बताया कि इटली निवासी पीड़िता ने इंस्टाग्राम के माध्यम से एक व्यक्ति से दोस्ती की थी। महिला ने आरोप लगाया कि गुरुग्राम निवासी एक व्यक्ति ने सोशल मीडिया के जरिए उससे संपर्क बढ़ाया। धीरे-धीरे आरोपी ने महिला को शादी का झांसा दिया और फिर विभिन्न झूठे बहाने बनाकर उससे अपने खातों में रुपये ट्रांसफर करवा लिए गए। आरोपी ने उनसे करीब एक हजार यूरो ट्रांसफर कराए। इस मामले में उन्होंने इटली में ही पुलिस को शिकायत दी थी, लेकिन कार्रवाई नहीं हुई। जिसके बाद महिला ने करीब दो महीने पहले गुड़गांव पुलिस के साइबर अपराध एसीपी गौरव फोगाट से संपर्क कर आपबीती बताई थी। तब से वह लगातार एसीपी से संपर्क में है।
अपनी शिकायत दर्ज कराने के लिए 28 सितंबर को पीड़िता स्वयं इटली से गुरुग्राम पहुंची। उसने एसीपी गौरव फोगाट से व्यक्तिगत मुलाकात कर मामले से जुड़े तमाम साक्ष्यों और बैंक लेनदेन के विवरण के साथ एक विस्तृत लिखित शिकायत सौंपी। शिकायत मिलते ही एसीपी गौरव फोगाट ने मामले की गंभीरता और पीड़िता की स्थिति को ध्यान में रखते हुए विशेष साइबर पुलिस टीम का गठन किया और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
गुरुग्राम पहुंचने पर साइबर पुलिस द्वारा दी गई त्वरित सहायता, संवेदनशील व्यवहार और पेशेवर कार्यशैली से प्रभावित होकर महिला ने पुलिस टीम की जमकर तारीफ की। पीड़िता ने एसीपी गौरव फोगाट और पूरी साइबर पुलिस टीम का विशेष धन्यवाद करते हुए आभार व्यक्त किया। गुरुग्राम पुलिस ने स्पष्ट किया है कि चाहे शिकायत देश से हो या विदेश से, साइबर अपराध के मामलों को पूरी गंभीरता से लिया जाता है। पुलिस हर पीड़ित को त्वरित सहायता और न्याय दिलाने के लिए प्रतिबद्ध है।






