Gurugram- गुरुग्राम में मोबाइल फोन छीनने की वारदात को अंजाम देने वाले दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोप है कि दोनों युवक बाइक पर सवार होकर आए और एक व्यक्ति का मोबाइल फोन छीनकर फरार हो गए। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। उनके कब्जे से वारदात में इस्तेमाल की गई बाइक और छीना गया मोबाइल फोन भी बरामद किया गया है।

मामला पटौदी रोड स्थित बोहड़ा कलां इलाके का है। पुलिस के अनुसार, 9 अक्टूबर 2026 को एक व्यक्ति से बाइक सवार युवकों ने मोबाइल फोन छीन लिया था। पीड़ित ने इस संबंध में 10 अक्टूबर को बिलासपुर थाना पुलिस को शिकायत दी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

मामले की जांच के दौरान अपराध शाखा बिलासपुर की टीम ने कार्रवाई करते हुए 10 अक्टूबर को बोहड़ा कलां क्षेत्र में पटौदी रोड से दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान 21 वर्षीय मयंक उर्फ मिंकू, निवासी बास पदमका, गुरुग्राम और 20 वर्षीय देवेंद्र उर्फ काला, निवासी मुमताजपुर, गुरुग्राम के रूप में हुई है।

पुलिस पूछताछ में सामने आया कि दोनों आरोपी नशा करने के आदी हैं। पुलिस के मुताबिक, नशे की पूर्ति के लिए ही उन्होंने शिकायतकर्ता का मोबाइल फोन छीनने की वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल की गई बाइक और छीना गया मोबाइल फोन बरामद कर लिया है। फिलहाल मामले में नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जा रही है और अभियोग की जांच जारी है।