Gurugram- युवक को जबरन कार में बैठाकर बंधक बनाने, मारपीट कर लूटपाट करने के मामले में मानेसर क्राइम ब्रांच और थाना खेड़की दौला थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों से वारदात में इस्तेमाल कार, लकड़ी का डंडा और लूटा गया मोबाइल बरामद किया है। दोनों आरोपियों को एक दिन के रिमांड पर लिया गया है।
पुलिस टीम ने 28 सितंबर को गांव भांगरौला से सतीश (30) निवासी भेरमपुर, कानपुर, उत्तर प्रदेश और रवि किशन उर्फ सुमित (19) निवासी मद्रापुर, बेगूसराय, बिहार को गिरफ्तार किया। पूछताछ में पता चला कि रवि किशन पहले गुरुग्राम में नौकरी करता था। नौकरी छूटने के बाद उसने ऑटो चालक सतीश के साथ लूट की योजना बनाई। दोनों ने वारदात के लिए दो हजार रुपये में कार किराये पर ली थी।
आपको बता दें कि 26 सितंबर की सुबह करीब पांच बजे सेक्टर-26 स्थित कंपनी से ड्यूटी खत्म कर युवक किराये के कमरे पर जा रहा था। रामपुरा चौक पार कर नखड़ौला की ओर जाते समय सफेद कार में सवार युवकों ने उसे जबरन कार में बैठा लिया और गांव नवादा ले गए। आरोपियों ने डंडे से मारपीट कर युवक का मोबाइल छीनकर उसका पासवर्ड पूछ लिया और मोबाइल से करीब 47 हजार रुपये निकाल लिए। इसके अलावा पर्स से सात हजार रुपये और गले से सोने की चेन लूटकर उसे वहीं छोड़कर फरार हो गए। शिकायत के बाद खेड़की दौला थाने में मामला दर्ज करते हुए अब दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों से पूछताछ जारी है।






