Gurugram- दिल्ली-जयपुर एक्सप्रेसवे पर डाक कांवड़ लेकर जा रहे कांवड़िए को ट्रक ने टक्कर मार दी। हादसे के बाद मौके पर हंगामा हो गया और गुस्साए कांवड़ियों ने ट्रक को रोककर उसमें तोड़फोड़ कर दी। बताया जा रहा है कि हादसा सुबह करीब 3 से 4 बजे के बीच निकासी-10 के पास हुआ। ट्रक की टक्कर लगने से कांवड़िया सड़क पर दूर जा गिरा और उसकी बाजू में चोट आई। हादसे के बाद साथी कांवड़ियों ने ट्रक को घेर लिया और ड्राइवर के साथ मारपीट करने के साथ ही ट्रक के शीशे भी तोड़ दिए।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल कांवड़िए को अस्पताल में भर्ती कराया। घायल की पहचान अलवर निवासी श्रीकांत के रूप में हुई है। पुलिस ने श्रीकांत के भाई बलबीर की शिकायत पर मामला दर्ज कर ट्रक ड्राइवर विरेंद्र को हिरासत में ले लिया है। पुलिस के मुताबिक, शुरुआती जांच में आशंका है कि ड्राइवर को नींद की झपकी आने के कारण ट्रक अनियंत्रित होकर एक तरफ मुड़ गया और कांवड़िए को टक्कर लग गई। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है और आरोपी ड्राइवर से पूछताछ की जा रही है।






