गुरुग्राम के सेक्टर-50 में मंदिर को लेकर विवाद, कार्रवाई के विरोध में ग्रामीणों का प्रदर्शन

सेक्टर-50 में बाबा बालक नाथ मंदिर और समाधि स्थल को लेकर विवाद बढ़ गया। प्रशासन की कार्रवाई के विरोध में ग्रामीणों ने प्रदर्शन किया।
Gurugram- गुरुग्राम के सेक्टर-50 इलाके में बाबा बालक नाथ मंदिर और समाधि स्थल को लेकर शुक्रवार को माहौल तनावपूर्ण हो गया। प्रशासन की कार्रवाई की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए और मंदिर परिसर में तोड़फोड़ का विरोध शुरू कर दिया।स्थिति को देखते हुए पुलिस ने मंदिर के आसपास बैरिकेडिंग कर भारी पुलिस बल तैनात कर दिया। ग्रामीणों को मंदिर की तरफ जाने से रोक दिया गया। मौके पर पुलिस, प्रशासन और स्थानीय लोगों के बीच कई बार तीखी नोकझोंक भी देखने को मिली।
मामले की जानकारी मिलने के बाद राजस्थान के तिजारा से विधायक और महंत बालक नाथ भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने अधिकारियों से कार्रवाई को लेकर सवाल किए और काफी देर तक मौके पर मौजूद रहे।करीब दो घंटे तक घटनाक्रम का जायजा लेने के बाद महंत बालक नाथ ने प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए। उनका कहना था कि करीब डेढ़ सौ साल पुराने इस धार्मिक स्थल को हटाने की कोशिश की जा रही है और इसके पीछे जमीन से जुड़े हित काम कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि अधिकारियों की कार्रवाई सरकार के निर्देशों के विपरीत है और मुख्यमंत्री को भी पूरे मामले की सही जानकारी नहीं दी जा रही।
वहीं स्थानीय लोगों का दावा है कि मंदिर और डेरे की जमीन को लेकर पहले भी विवाद सामने आ चुका है। ग्रामीणों के मुताबिक कुछ वर्ष पहले यहां होटल बनाने का प्रस्ताव रखा गया था, जिसे मंदिर के महंत ने स्वीकार नहीं किया था। इसके बाद से ही मंदिर की जमीन को लेकर विवाद बढ़ने का आरोप स्थानीय लोग लगा रहे हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि झाड़सा गांव की पंचायत की ओर से यह जमीन बाबा बालक नाथ को आश्रम और धार्मिक गतिविधियों के लिए दी गई थी। स्थानीय लोगों के अनुसार लंबे समय से यहां पूजा-पाठ और धार्मिक आयोजन होते रहे हैं।लोगों ने प्रशासन की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए यह भी कहा कि जिस जमीन को HSVP अपनी जमीन बता रहा है, वहां लंबे समय से धार्मिक गतिविधियां चल रही हैं। ग्रामीणों का दावा है कि इलाके में मौजूद जोहड़ को भी एनजीटी के निर्देशों के बाद विकसित किया गया था।
दूसरी ओर पुलिस की ओर से बताया गया कि मंदिर से जुड़े कुछ लोगों के खिलाफ HSVP और नगर निगम के अधिकारियों की शिकायत पर मामला दर्ज किया गया है।सुबह प्रशासनिक अमला पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचा तो ग्रामीणों ने कार्रवाई का विरोध किया। हालात को संभालने के लिए पुलिस ने इलाके में बैरिकेडिंग कर दी। बाद में अधिकारियों की 11 सदस्यीय टीम को मौके का निरीक्षण करने के लिए भेजा गया।
मौके से लौटने के बाद महंत बालक नाथ ने एक बार फिर प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए और कहा कि पूरे मामले में निष्पक्ष तरीके से कार्रवाई होनी चाहिए।
अब ग्रामीणों ने इस मुद्दे को लेकर आंदोलन तेज करने का फैसला किया है। ग्रामीणों ने ऐलान किया है कि रविवार को झाड़सा गांव में महापंचायत बुलाई जाएगी। इसमें मंदिर और समाधि स्थल को लेकर आगे की रणनीति तय की जाएगी।फिलहाल सेक्टर-50 का यह मामला प्रशासन और ग्रामीणों के बीच टकराव का रूप ले चुका है और रविवार की महापंचायत पर सभी की नजरें टिकी हैं।
Tags:GurgaonGurugramGurugramnewsPoliceCrimeCrimenewsTemple




