Gurugram- गुरुग्राम के विधायक मुकेश शर्मा ने जिला टैक्स बार एसोसिएशन की नई डायरेक्टरी का विमोचन किया। इस दौरान उन्होंने अधिवक्ताओं के साथ शहर के विकास, न्यायिक सुविधाओं के विस्तार और टावर ऑफ जस्टिस जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा की। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में अधिवक्ता और एसोसिएशन के पदाधिकारी मौजूद रहे।

दरअसल, शुक्रवार 30 अक्टूबर को जिला टैक्स बार एसोसिएशन, गुरुग्राम की ओर से डायरेक्टरी विमोचन समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में गुरुग्राम के विधायक मुकेश शर्मा ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की और एसोसिएशन की डायरेक्टरी का विमोचन किया।
इस अवसर पर विधायक ने डायरेक्टरी के प्रकाशन की सराहना करते हुए एसोसिएशन के सभी पदाधिकारियों और अधिवक्ताओं को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

कार्यक्रम के दौरान विधायक मुकेश शर्मा ने अधिवक्ताओं के साथ विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर बातचीत भी की। उन्होंने कहा कि अधिवक्ता समाज न्याय व्यवस्था की एक बेहद महत्वपूर्ण कड़ी है। लोगों को न्याय दिलाने के साथ-साथ जनहित से जुड़े मुद्दों में भी अधिवक्ताओं की अहम भूमिका रहती है।

विधायक ने अपने संबोधन में गुरुग्राम के टावर ऑफ जस्टिस का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि तेजी से विकसित हो रहे गुरुग्राम में न्यायिक सुविधाओं का विस्तार समय की जरूरत है। प्रदेश सरकार मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में हरियाणा के समग्र विकास और आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध है।

उन्होंने कहा कि गुरुग्राम की बढ़ती आबादी और भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए विकास कार्यों को आगे बढ़ाया जा रहा है, ताकि शहर के लोगों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।
मुकेश शर्मा ने यह भी कहा कि गुरुग्राम की प्रगति में समाज के हर वर्ग का योगदान महत्वपूर्ण है। अधिवक्ता समाज के सुझाव और अनुभव शहर के बेहतर भविष्य की योजना बनाने में अहम साबित हो सकते हैं।

उन्होंने आश्वासन दिया कि शहर से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों को उचित मंच पर उठाया जाएगा और उनके समाधान के लिए लगातार प्रयास किए जाएंगे। इस कार्यक्रम में जिला बार एसोसिएशन के अध्यक्ष कुलभूषण भारद्वाज, जिला टैक्स बार एसोसिएशन के प्रेसिडेंट राजीव वत्स, वाइस प्रेसिडेंट टी.एस. राघव, सेक्रेटरी धीरज कौशिक, ज्वाइंट सेक्रेटरी अशोक खटाना और ट्रेजरर नरेंद्र सिंह सहित एसोसिएशन के अन्य पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में अधिवक्ता मौजूद रहे।






