Gurugram- गुरुग्राम में सड़क हादसों पर लगाम लगाने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारी तेज कर दी है। जिले के 21 ब्लैक स्पॉट और कई दुर्घटना संभावित स्थानों पर सड़क सुरक्षा के इंतजाम बेहतर किए जाएंगे। इसके साथ ही शराब पीकर गाड़ी चलाने वालों, ओवरलोडिंग वाहनों और ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की भी समीक्षा की गई है।
दरअसल, शुक्रवार को लघु सचिवालय में डीसी उत्तम सिंह की अध्यक्षता में जिला सड़क सुरक्षा समिति की मासिक बैठक आयोजित की गई। बैठक में ट्रैफिक पुलिस, एनएचएआई, जीएमडीए, नगर निगम और अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। बैठक में डीसी ने सबसे पहले शहर में लगे साइन बोर्ड को लेकर सख्त निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि साइन बोर्ड पर किसी भी तरह का विज्ञापन नहीं लगाया जाना चाहिए। इन बोर्डों का इस्तेमाल केवल यातायात संबंधी दिशा-निर्देश और निर्धारित जानकारी देने के लिए ही किया जाए। यदि किसी साइन बोर्ड पर विज्ञापन मिलता है तो संबंधित व्यक्ति या एजेंसी के खिलाफ नियमों के तहत कार्रवाई की जाएगी।
**21 ब्लैक स्पॉट पर सुधरेगी सड़क सुरक्षा**
बैठक में नेशनल हाईवे-48 और गुरुग्राम-सोहना हाईवे सहित जिले के 21 चिह्नित ब्लैक स्पॉट की समीक्षा की गई। इसके अलावा सिद्धेश्वर चौक, बसई गांव चौक सेक्टर-9 और अतुल कटारिया चौक को भी दुर्घटना संभावित स्थानों में शामिल किया गया है।इन स्थानों पर सड़क संकेतक, रोड मार्किंग, रोड स्टड, सुरक्षित एंट्री-एग्जिट और अन्य जरूरी सुरक्षा सुविधाएं विकसित करने के निर्देश संबंधित एजेंसियों को दिए गए हैं।
**जीरो फैटेलिटी डिस्ट्रिक्ट योजना पर फोकस**
बैठक में जीरो फैटेलिटी डिस्ट्रिक्ट योजना के तहत भी कामों की समीक्षा की गई। इस योजना का उद्देश्य सड़क हादसों में होने वाली मौतों को रोकना है। इसके तहत झाड़सा चौक, एटलस चौक, इफको चौक, सेक्टर-33, खोह मानेसर, पचगांव चौक, शास्त्री नगर सेक्टर-105 और गोपालपुर सेक्टर-10 सहित कई स्थानों की साइट-वाइज रिपोर्ट देखी गई। इन जगहों पर स्पीड कंट्रोल के उपाय, स्ट्रीट लाइट, पैदल यात्रियों के लिए सुरक्षित रास्ते, रोड मार्किंग और सड़क किनारे सुरक्षा इंतजाम बेहतर किए जाएंगे।
**ओवरलोडिंग के खिलाफ बढ़ी कार्रवाई**
ओवरलोडिंग वाहनों पर कार्रवाई की रिपोर्ट भी बैठक में रखी गई। आरटीए के आंकड़ों के मुताबिक सितंबर 2026 में 160 चालान किए गए थे, जबकि 1 से 27 अक्टूबर के बीच 194 चालान किए जा चुके हैं। प्रशासन ने ओवरलोडिंग पर प्रभावी नियंत्रण रखने और नियमों का पालन सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
**शराब पीकर गाड़ी चलाने वालों पर सख्ती**
शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई के आंकड़े भी सामने आए। जनवरी से अगस्त 2026 तक ऐसे मामलों में कुल 13 हजार 703 चालान किए गए। वहीं, ट्रैफिक पुलिस ने 1 से 28 अक्टूबर के बीच 1,065 ड्राइविंग लाइसेंस निलंबित करने की सिफारिश की है। अधिकारियों को नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई जारी रखने के निर्देश दिए गए।
**398 स्कूलों के आसपास बनेंगे सुरक्षित जोन**
स्कूली बच्चों की सुरक्षा को लेकर भी बैठक में अहम चर्चा हुई। जिले के 398 स्कूलों की सूची संबंधित सड़क निर्माण और रखरखाव एजेंसियों को दी गई है। इन स्कूलों के आसपास सुरक्षित स्कूल जोन विकसित करने की योजना है। इसके साथ ही स्कूल बसों में सीसीटीवी, जीपीएस, प्राथमिक उपचार किट, इमरजेंसी गेट और अन्य जरूरी सुरक्षा मानकों की जांच सुनिश्चित करने पर भी चर्चा हुई।
**17 चौराहों पर पैदल यात्रियों के लिए सुरक्षित क्रॉसिंग**
जीएमडीए की ओर से शहर के 17 चौराहों पर सुरक्षित पैदल यात्री क्रॉसिंग विकसित करने की जानकारी दी गई। इसके अलावा आरएफ और आरएसओ टीमों की ओर से सुझाए गए अस्पतालों के सामने सहित कुल 32 स्थानों को भी इस योजना में शामिल करने का प्रस्ताव रखा गया।
**सड़क, लाइट और रेलिंग के काम जल्द पूरे करने के निर्देश**
बैठक में गुरुग्राम-सोहना रोड पर रेलिंग और साइन बोर्ड लगाने, मानेसर बस स्टैंड और बिलासपुर चौक पर पैदल यात्रियों के लिए सुरक्षित रास्ते बनाने, गुरुग्राम-फरीदाबाद रोड पर स्ट्रीट लाइट लगाने और अतुल कटारिया चौक व पटौदी रोड पर सड़क मरम्मत और नवीनीकरण के कार्यों की समीक्षा की गई। डीसी ने संबंधित विभागों को इन कार्यों को निर्धारित समयसीमा में पूरा करने और सड़क सुरक्षा से जुड़ी सुविधाओं का नियमित रखरखाव सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।






