गुरुग्राम की सड़कों का हाल देखने निकले GMDA CEO, जलभराव से लेकर ट्रैफिक व्यवस्था तक दिए निर्देश

GMDA CEO पीसी मीणा ने गुरुग्राम की प्रमुख सड़कों का निरीक्षण किया। जलभराव, ड्रेनेज, फुटपाथ और ट्रैफिक व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए।
Gurugram- गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण यानी GMDA के CEO पीसी मीणा गुरुवार को शहर की प्रमुख सड़कों का जायजा लेने के लिए ग्राउंड पर उतरे। इस दौरान उन्होंने उद्योग विहार के राव गजराज सिंह मार्ग, सेक्टर-22/23 की डिवाइडिंग रोड, कृष्णा चौक से रेजांगला चौक मार्ग, रेजांगला चौक और पालम विहार की सड़कों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान सड़क, ड्रेनेज, फुटपाथ, ग्रीन बेल्ट और ट्रैफिक व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए अधिकारियों को जरूरी दिशा-निर्देश दिए गए।

राव गजराज सिंह मार्ग पर जलभराव की समस्या को लेकर CEO ने स्थायी समाधान के निर्देश दिए। उन्होंने बरसात के दौरान जिस हिस्से में पानी भरता है, उसे RCC से बनाने के निर्देश दिए। इसके साथ ही वहां ड्रेनेज विकसित कर उसे लेग-1 ड्रेन से जोड़ने और सड़क का सौंदर्यीकरण करने को भी कहा गया।स्थानीय लोगों ने बताया कि पुरानी दिल्ली रोड का लेवल ऊंचा होने के कारण बारिश के दौरान राव गजराज रोड पर पानी जमा हो जाता है। इससे सड़क क्षतिग्रस्त होने के साथ-साथ यातायात भी प्रभावित होता है। CEO ने अधिकारियों को इस समस्या का स्थायी समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

इसके बाद CEO ने सेक्टर-22 और 23 की डिवाइडिंग रोड यानी सुशी आइमा रोड का निरीक्षण किया। यहां प्रस्तावित मेट्रो लाइन की अलाइनमेंट को लेकर उन्होंने मेट्रो अथॉरिटी के साथ बैठक करने के निर्देश दिए। बैठक में यह मंथन किया जाएगा कि मेट्रो लाइन की अलाइनमेंट इस तरह तय हो कि ज्यादा से ज्यादा पेड़ों को बचाया जा सके।अधिकारियों ने बताया कि इस सड़क पर पेयजल पाइपलाइन में लीकेज के कारण करीब 40 मीटर सड़क क्षतिग्रस्त हो गई थी, जिसे अब ठीक कर दिया गया है।

इसके बाद कृष्णा चौक से रेजांगला चौक मार्ग का निरीक्षण किया गया। CEO ने सड़क के दोनों ओर ग्रीन बेल्ट का लेवल नीचे कर बनाए जा रहे स्टॉर्म वाटर ड्रेन के काम की भी समीक्षा की। उन्होंने ड्रेन निर्माण में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए।साथ ही सर्विस लेन की मरम्मत करवाने और पैदल यात्रियों की सुविधा के लिए रोड डिवाइडर की ग्रिल में रास्ता छोड़ने के निर्देश दिए गए। दिल्ली की तर्ज पर यह व्यवस्था करने के साथ सड़क पर जेब्रा क्रॉसिंग बनाने को भी कहा गया, ताकि लोगों को सड़क पार करने में आसानी हो और ट्रैफिक व्यवस्था बेहतर हो सके।

वहीं रेजांगला चौक के बाद पालम विहार की सड़क का भी निरीक्षण किया गया। यहां सड़क की स्थिति संतोषजनक मिली। CEO ने फुटपाथ की मरम्मत, डिवाइडर से घास हटाने और ट्रैफिक आइलैंड की मरम्मत के निर्देश दिए। इसके अलावा ट्रैफिक आइलैंड पर रिफ्लेक्टर लगाने और सड़क के सौंदर्यीकरण पर भी जोर दिया गया।निरीक्षण के दौरान कार्यकारी अभियंता अमित गोदारा, उपमंडल अधिकारी दलीप यादव समेत GMDA के संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
Tags:GurgaonGurugramGurugramnewsWaterloggingRoadGMDAMCG




