जीएसटी नंबर जारी करने के बदले मांगे 7 हजार रुपए, महिला इंस्पेक्टर गिरफ्तार
SM
Sahil Manchanda
Published on Oct 23, 2026 • 2 min read
जीएसटी नंबर जारी करने के बदले 7 हजार रुपए की रिश्वत लेने के आरोप में ACB ने इंस्पेक्टर को रंगेहाथ गिरफ्तार किया।
Gurugram- जीएसटी नंबर जारी करने की प्रक्रिया में रिश्वत मांगने के आरोप में एंटी करप्शन ब्यूरो ने जीएसटी इंस्पेक्टर श्रुति रानी को गिरफ्तार किया है। ब्यूरो की टीम ने इंस्पेक्टर को शिकायतकर्ता से 7 हजार रुपए लेते हुए रंगेहाथ पकड़ा। कार्रवाई के दौरान रिश्वत की रकम भी बरामद कर ली गई।
मामला एक फर्म के जीएसटी रजिस्ट्रेशन से जुड़ा है। शिकायतकर्ता ने अपनी फर्म के लिए जीएसटी नंबर बनवाने के लिए विभाग में आवेदन किया था। शिकायत के मुताबिक, जरूरी दस्तावेज पूरे होने के बावजूद उसकी फाइल आगे नहीं बढ़ाई जा रही थी। आरोप है कि फाइल पास करने और जीएसटी नंबर जारी करने के बदले इंस्पेक्टर ने उससे रिश्वत की मांग की।
इसके बाद शिकायतकर्ता ने एंटी करप्शन ब्यूरो से संपर्क कर पूरे मामले की जानकारी दी। शिकायत मिलने पर ब्यूरो ने कार्रवाई की योजना बनाई और एक टीम गठित की। पूरी कार्रवाई राजपत्रित अधिकारी की मौजूदगी में की गई।योजनाबद्ध तरीके से ट्रैप लगाया गया। जैसे ही इंस्पेक्टर श्रुति रानी ने शिकायतकर्ता से 7 हजार रुपए लिए, एंटी करप्शन ब्यूरो की टीम ने उन्हें मौके पर ही पकड़ लिया। टीम ने उनके पास से रिश्वत की रकम बरामद कर ली।
इस मामले में आरोपी इंस्पेक्टर के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 की धारा 7 के तहत केस दर्ज किया गया है। ब्यूरो ने आरोपी को अदालत में पेश कर रिमांड पर लिया है। फिलहाल मामले में आगे की जांच और कानूनी कार्रवाई जारी है।
Tags:GurgaonGurugramGurugramnewsHaryanaACBAnticorruptionGSTBriberycaseGstinspector