Gurugram- गुरुग्राम में आरएमसी प्लांटों के खिलाफ नगर निगम की कार्रवाई लगातार जारी है। बुधवार को एमसीजी की टीम ने दौलताबाद क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए दो रेडी मिक्स कंक्रीट (आरएमसी) प्लांटों को ध्वस्त कर दिया। निगम की ओर से प्रदूषण नियंत्रण और पर्यावरण संरक्षण के मद्देनजर यह अभियान चलाया जा रहा है।

यह कार्रवाई सहायक अभियंता हरिप्रकाश की टीम ने की। नगर निगम की टीम निर्माण गतिविधियों से होने वाले धूल और वायु प्रदूषण पर अंकुश लगाने के लिए आरएमसी प्लांटों के खिलाफ लगातार कार्रवाई कर रही है। नगर निगम के अनुसार, शहर में स्वच्छ और स्वस्थ वातावरण बनाए रखने के लिए ऐसे प्लांटों की निगरानी की जा रही है और जरूरत के अनुसार कार्रवाई की जा रही है।

निगमायुक्त प्रदीप दहिया के अनुसार, आरएमसी प्लांटों के खिलाफ कार्रवाई और प्रदूषण नियंत्रण से संबंधित निगरानी अभियान आगे भी जारी रहेगा। निगम की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक, पिछले दो दिनों में कुल 10 आरएमसी प्लांट हटाए जा चुके हैं। एमसीजी का कहना है कि प्रदूषण पर नियंत्रण और पर्यावरण संरक्षण के लिए यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।