Gurugram- गाड़ी के कागजात नहीं मिले, नंबर प्लेट भी गायब थी और शीशों पर लगी थी काली फिल्म… ट्रैफिक पुलिस ने कार्रवाई करते हुए Thar को जब्त किया तो मामला चालान तक सीमित नहीं रहा। गुरुग्राम के सोहना चौक पर गाड़ी जब्त होने से नाराज युवक ने ऐसा हंगामा शुरू कर दिया कि सड़क पर लोगों की आवाजाही के बीच हाईवोल्टेज ड्रामा देखने को मिला। युवक कभी गाड़ी के बोनट पर चढ़ता नजर आया, तो कभी खिड़की पर लटककर पुलिसकर्मियों से गाड़ी छोड़ने की मांग करता रहा।

दरअसल, ट्रैफिक पुलिस के मुताबिक सोहना चौक पर चेकिंग के दौरान उन्हें बिना नंबर प्लेट की एक Thar दिखाई दी। पुलिसकर्मियों ने जब गाड़ी के दस्तावेज मांगे तो युवक उन्हें दस्तावेज नहीं दिखा पाया। गाड़ी के शीशों पर काली फिल्म भी लगी हुई थी। इसके बाद पुलिस ने मोटर व्हीकल एक्ट के तहत चालान काटते हुए गाड़ी जब्त करने की कार्रवाई शुरू कर दी। पुलिसकर्मी जब गाड़ी को पार्किंग में ले जाने लगे तो युवक ने विरोध करना शुरू कर दिया। देखते ही देखते विरोध हंगामे में बदल गया और युवक बीच सड़क पर पुलिसकर्मियों के साथ गाली-गलौज करने लगा। इतना ही नहीं, वह दूसरे वाहनों को रुकवाकर ट्रैफिक भी बाधित करने लगा।

हालात बिगड़ते देख पुलिसकर्मियों ने कंट्रोल रूम को सूचना दी। इसके बाद मौके पर पहुंची ईआरवी की टीम ने युवक को काबू किया और उसे सिविल लाइंस थाने ले जाया गया। वहीं, युवक के परिजन भी मौके पर पहुंच गए। ट्रैफिक पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, पूरे मामले की जानकारी परिजनों को दी गई और उनकी गुजारिश पर युवक के खिलाफ सख्त कार्रवाई नहीं की गई।

यह घटना एक बार फिर सवाल खड़ा करती है कि सड़क पर नियमों का पालन कराने के लिए पुलिस कार्रवाई करे, तो उसका विरोध करने का तरीका क्या होना चाहिए? चालान या गाड़ी जब्त होने से असहमति हो सकती है, लेकिन सड़क पर हंगामा करके दूसरे लोगों की आवाजाही बाधित करना किसी समस्या का समाधान नहीं है।