Gurugram- गुरुग्राम में बढ़ते वायु प्रदूषण पर नियंत्रण और ग्रेप यानी ग्रेडेड रिस्पांस एक्शन प्लान के नियमों का पालन सुनिश्चित करने के लिए नगर निगम ने एक बड़ा कदम उठाया है। अब शहर में ग्रेप नियमों का उल्लंघन करने वालों की शिकायत करने के लिए नगर निगम गुरुग्राम ने डेडिकेटेड हेल्पलाइन नंबर 9821395354 जारी किया है।
इस नंबर पर नागरिक कॉल करने के साथ-साथ व्हाट्सऐप संदेश भेजकर भी शिकायत दर्ज करा सकते हैं। यानी अगर आपके आसपास कोई ऐसी गतिविधि हो रही है, जिससे प्रदूषण फैल रहा है और ग्रेप के नियमों का उल्लंघन हो रहा है, तो उसकी जानकारी सीधे नगर निगम तक पहुंचाई जा सकती है।
शिकायत दर्ज कराते समय नागरिकों को संबंधित गतिविधि की फोटो या वीडियो के साथ सही लोकेशन और पूरा पता देना होगा, ताकि संबंधित स्थान की पहचान कर मामले पर आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
नगर निगम ने स्पष्ट किया है कि ग्रेप नियमों के उल्लंघन की शिकायत करने के लिए केवल हेल्पलाइन नंबर ही नहीं, बल्कि अन्य माध्यम भी उपलब्ध हैं। नागरिक **समीर ऐप, सोशल मीडिया, सीएचएस पोर्टल और नगर निगम के कॉल सेंटर** के जरिए भी अपनी शिकायत दर्ज करा सकते हैं। नगर निगम के कॉल सेंटर का हेल्पलाइन नंबर 18001801817 है।
नगर निगम का कहना है कि इन माध्यमों का उद्देश्य प्रदूषण फैलाने वाली गतिविधियों की जानकारी समय पर प्राप्त करना और नियमों के अनुसार कार्रवाई सुनिश्चित करना है।
इस संबंध में निगमायुक्त प्रदीप दहिया ने नागरिकों से सहयोग की अपील की है। उन्होंने कहा कि वायु प्रदूषण पर नियंत्रण के लिए प्रशासनिक प्रयासों के साथ-साथ आम लोगों की भागीदारी भी बेहद जरूरी है। नागरिक अपने आसपास ग्रेप नियमों का उल्लंघन होते देखें, तो उसकी सूचना निर्धारित माध्यमों से नगर निगम तक पहुंचाएं।
नगर निगम ने लोगों से यह भी अपील की है कि वे स्वयं ग्रेप के तहत लागू प्रतिबंधों और निर्देशों का पालन करें तथा ऐसी गतिविधियों से बचें, जिनसे वायु प्रदूषण बढ़ता है। अब देखना होगा कि इस डेडिकेटेड हेल्पलाइन के जरिए मिलने वाली शिकायतों पर नगर निगम कितनी तेजी से कार्रवाई करता है और गुरुग्राम में प्रदूषण नियंत्रण के प्रयासों को कितना प्रभावी बनाया जा सकता है।






