Gurugram- गुरुग्राम में नौकरी की तलाश कर रहे युवाओं के लिए अच्छी खबर है। जिले में 23 अक्टूबर को मेगा रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा, जहां करीब 40 कंपनियां युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराएंगी। इस मेले में 10वीं, 12वीं, स्नातक, स्नातकोत्तर और आईटीआई पास युवा अपनी योग्यता के अनुसार नौकरी पाने के लिए भाग ले सकेंगे।

मंडल रोजगार कार्यालय, गुरुग्राम और औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान यानी आईटीआई, गुरुग्राम के संयुक्त तत्वावधान में यह रोजगार मेला राजकीय महिला महाविद्यालय, सेक्टर-14 में आयोजित किया जाएगा। इसका उद्देश्य नौकरी की तलाश कर रहे युवाओं को कंपनियों से सीधे जुड़ने और रोजगार के अवसर प्राप्त करने का मौका देना है।

सहायक रोजगार अधिकारी ज्योति ने जानकारी देते हुए बताया कि इस रोजगार मेले में विभिन्न क्षेत्रों की लगभग 40 कंपनियां हिस्सा लेंगी। इनमें एआरजीएल प्राइवेट लिमिटेड,आईसीआईसीआई बैंक, विरबो मैनेजमेंट प्राइवेट लिमिटेड, जी4एस सिक्योर सॉल्यूशन प्राइवेट लिमिटेड, ओम एंटरप्राइजेज प्राइवेट लिमिटेड, ट्रांसपोर्ट कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया, बजाज लाइफ, गोल्डन ट्यूलिप, बजाज मोटर्स, प्रिकोल और हिताची कैश मैनेजमेंट लिमिटेड सहित कई कंपनियां शामिल होंगी।

रोजगार मेले में अलग-अलग शैक्षणिक योग्यता रखने वाले युवाओं को अपनी क्षमता और योग्यता के अनुसार नौकरी के अवसर तलाशने का मौका मिलेगा। ऐसे में जो युवा नौकरी की तलाश कर रहे हैं, वे इस अवसर का लाभ उठा सकते हैं। मंडल रोजगार कार्यालय की ओर से युवाओं को सलाह दी गई है कि वे रोजगार मेले में शामिल होने के लिए अपना रोजगार कार्यालय पहचान पत्र यानी रजिस्ट्रेशन कार्ड, शैक्षणिक योग्यता के प्रमाण-पत्र और अपडेटेड बायोडाटा या रिज्यूमे साथ लेकर आएं। इन दस्तावेजों के आधार पर युवा भर्ती प्रक्रिया में शामिल हो सकेंगे।

अगर आप भी नौकरी की तलाश कर रहे हैं और आपकी योग्यता 10वीं, 12वीं, स्नातक, स्नातकोत्तर या आईटीआई है, तो 23 अक्टूबर को राजकीय महिला महाविद्यालय, सेक्टर-14, गुरुग्राम में आयोजित होने वाला यह रोजगार मेला आपके लिए रोजगार पाने का एक अच्छा अवसर हो सकता है।