गुरुग्राम में CDS और NDA परीक्षा को लेकर प्रशासन अलर्ट, 34 केंद्रों पर 11,896 विद्यार्थी देंगे परीक्षा

13 सितंबर को गुरुग्राम में CDS और NDA परीक्षा आयोजित होगी। 34 केंद्रों पर 11,896 विद्यार्थी परीक्षा देंगे।
Gurugram- गुरुग्राम में 13 सितंबर को आयोजित होने वाली संघ लोक सेवा आयोग यानी UPSC की CDS और NDA परीक्षा को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। परीक्षा को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए लघु सचिवालय में सीईओ जिला परिषद सुमित कुमार की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई।
बैठक में संबंधित सेंटर सुपरवाइजर और ड्यूटी मजिस्ट्रेट मौजूद रहे। इस दौरान सीईओ सुमित कुमार ने परीक्षा के सफल आयोजन को लेकर अधिकारियों को जरूरी दिशा-निर्देश दिए। बैठक में ऑब्जर्वर सुधा उद्धव भी मौजूद रहीं।
सीईओ सुमित कुमार ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि परीक्षा एक बेहद संवेदनशील जिम्मेदारी है, इसलिए सभी अधिकारी पूरी गंभीरता और जिम्मेदारी के साथ अपनी ड्यूटी निभाएं। परीक्षा के दौरान किसी भी तरह की लापरवाही की कोई गुंजाइश नहीं होनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि संघ लोक सेवा आयोग की ओर से परीक्षा को लेकर निर्धारित किए गए सभी नियमों और दिशा-निर्देशों का सख्ती से पालन सुनिश्चित किया जाए। अगर किसी अधिकारी को परीक्षा से संबंधित किसी नियम या व्यवस्था को लेकर कोई शंका है, तो उसे परीक्षा से पहले ही दूर कर लिया जाए।
13 सितंबर को गुरुग्राम में परीक्षा तीन शिफ्ट में आयोजित की जाएगी। इसके लिए जिले में कुल 34 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां कुल 11,896 विद्यार्थी परीक्षा में शामिल होंगे।
इनमें CDS परीक्षा तीन चरणों में जबकि NDA परीक्षा दो चरणों में आयोजित की जाएगी। प्रशासन की ओर से सभी परीक्षा केंद्रों पर आवश्यक व्यवस्थाएं समय रहते पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं।
बैठक में संघ लोक सेवा आयोग की ओर से सेक्शन ऑफिसर प्रांजल वर्मा और असिस्टेंट सेक्शन ऑफिसर चिरंजीवी दीपक कुमार के अलावा जिला शिक्षा अधिकारी कैप्टन इंदु बोकन सहित अन्य संबंधित अधिकारी भी मौजूद रहे।
जिला प्रशासन का कहना है कि परीक्षा को लेकर सभी तैयारियां निर्धारित समय पर पूरी की जाएंगी, ताकि गुरुग्राम में UPSC की CDS और NDA परीक्षा सुरक्षित, पारदर्शी और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराई जा सके।
Tags:GurgaonGurugramexampapergurugramnewsHaryanaCenterexaminationcenter




