पुलिस को खुफिया सूचना के आधार पर यहां एक अपराधी द्वारा किए गए अवैध निर्माण की जानकारी मिली थी। इसके बाद निर्माण को चिन्हित किया गया और पुलिस की कड़ी निगरानी में बुलडोजर की कार्रवाई की गई।
इस कार्रवाई के दौरान नाहरपुर रूपा निवासी कृष्ण के अवैध निर्माण को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया गया। पुलिस के अनुसार, कृष्ण के खिलाफ गुरुग्राम में हत्या, हत्या के प्रयास, आर्म्स एक्ट समेत संगीन अपराधों की विभिन्न धाराओं में 11 से अधिक मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस के मुताबिक, यह कार्रवाई सिर्फ अवैध निर्माण हटाने तक सीमित नहीं रही, बल्कि जमीन को उसके मूल स्वरूप में बहाल करने के लिए भी कदम उठाए गए। कार्रवाई के दौरान मौके पर कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल तैनात रहा।गुरुग्राम पुलिस का कहना है कि अपराधियों और भूमि माफियाओं के खिलाफ इसी तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। पुलिस ने साफ किया है कि आपराधिक गतिविधियों से अर्जित संपत्ति और अवैध निर्माण को लेकर जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत सख्त कदम उठाए जाएंगे।
पुलिस का कहना है कि ऐसे खुफिया-आधारित अभियानों का उद्देश्य अवैध निर्माण और आपराधिक नेटवर्क पर प्रभावी अंकुश लगाना, सार्वजनिक भूमि की सुरक्षा करना और शहर में कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखना है।
फिलहाल नाहरपुर रूपा में की गई इस कार्रवाई के बाद पुलिस ने दोहराया है कि आदतन अपराधियों और भूमि माफियाओं के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।






