Gurugram- गुरुग्राम के कई सेक्टरों, कॉलोनियों और औद्योगिक क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को पेयजल आपूर्ति से जुड़ी परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण यानी GMDA सेक्टर-16 स्थित बूस्टिंग स्टेशन पर अपग्रेडेशन का काम करने जा रहा है। इसके चलते शहर के मास्टर वाटर सप्लाई सिस्टम को निर्धारित अवधि के लिए बंद रखा जाएगा।
Article image
GMDA के अनुसार, यह शटडाउन 23 अक्टूबर 2026 को सुबह 10 बजे से शुरू होकर 24 अक्टूबर को शाम 6 बजे तक रहेगा। इस दौरान शहर के कई इलाकों में पानी की सप्लाई प्रभावित रहने की संभावना है। दरअसल, सेक्टर-16 स्थित बूस्टिंग स्टेशन पर नए पंप हाउस का निर्माण किया जाना है। इसके लिए जरूरी अपग्रेडेशन कार्य किया जाएगा। GMDA का कहना है कि यह काम जलापूर्ति व्यवस्था को मजबूत करने और आवश्यक सुविधाओं के विकास के लिए किया जा रहा है।

इस शटडाउन का असर गांव बसई, कादीपुर, सरहौल, चकरपुर, नाथूपुर, सिकंदरपुर और सुखराली सहित गौशाला बूस्टर से जुड़े क्षेत्रों में देखने को मिल सकता है। इसके अलावा सेक्टर-34, सेक्टर-37, सिविल लाइंस, हंस एन्क्लेव और सेक्टर-10ए में भी पानी की आपूर्ति प्रभावित रहेगी।

वहीं, सेक्टर-14, 15, 16, 17 और 18 के साथ सेक्टर-27, 28, 29, 30, 31 और 32 भी प्रभावित क्षेत्रों में शामिल हैं। सेक्टर-38, 39, 40, 41 और 43 के अलावा सेक्टर-45 और 46 के कुछ हिस्सों में भी जलापूर्ति पर असर पड़ सकता है। इसके साथ ही DLF फेज-1 से फेज-4, साइबर सिटी, उद्योग विहार फेज-1 से फेज-5, साउथ सिटी-1, सुशांत लोक-1 और एमजी रोड के आसपास के क्षेत्रों में भी पेयजल आपूर्ति प्रभावित रहने की संभावना है।

GMDA ने इन क्षेत्रों में रहने वाले लोगों से अपील की है कि वे 22 से 24 अक्टूबर के बीच पानी का विवेकपूर्ण उपयोग करें और शटडाउन शुरू होने से पहले घरेलू जरूरतों के लिए पर्याप्त पानी का इंतजाम कर लें। खासतौर पर पीने, खाना बनाने और अन्य जरूरी कार्यों के लिए पानी बचाकर रखने की सलाह दी गई है।

GMDA ने इस अवधि में होने वाली असुविधा के लिए खेद व्यक्त करते हुए लोगों से सहयोग की अपील की है। ऐसे में प्रभावित क्षेत्रों के निवासियों के लिए जरूरी है कि वे पहले से पानी की व्यवस्था कर लें, ताकि सप्लाई बंद रहने के दौरान परेशानी कम हो।