Gurugram- गुरुग्राम में अवैध निर्माण और अनधिकृत कॉलोनियों के खिलाफ जिला नगर योजनाकार प्रवर्तन विभाग ने कार्रवाई तेज कर दी है। बुधवार, 21 अक्टूबर को DLF फेज-3 में ग्रीन एरिया पर किए गए अवैध निर्माण हटाए गए। वहीं, बिलासपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत बोहराकलां, खरखड़ी और जमालपुर गांवों में विकसित की जा रही तीन अनधिकृत कॉलोनियों पर भी तोड़फोड़ की कार्रवाई की गई।

सबसे पहले बात DLF फेज-3 की, जहां मौलसरी एवेन्यू रोड पर यातायात में बाधा बन रहे अवैध निर्माणों को हटाया गया। विभाग के अनुसार, ये निर्माण स्वीकृत लेआउट प्लान में निर्धारित ग्रीन एरिया पर किए गए थे। इनकी वजह से NH-48 से मौलसरी एवेन्यू रोड के रास्ते DLF फेज-3 में आने वाले वाहनों की आवाजाही प्रभावित हो रही थी और सड़क के प्रवेश बिंदु पर जाम जैसी स्थिति बन रही थी।

कार्रवाई के दौरान कबाड़ी की दुकान, ढाबे, तीन मोटरसाइकिल वर्कशॉप, चार पान की दुकानें, ए-1 ढाबा, मीट शॉप, कार पेंटिंग की दुकान और कार वॉश सर्विस स्टेशन सहित अवैध निर्माण हटाए गए। विभाग का कहना है कि इन संरचनाओं को हटाने से यातायात सुचारू करने में मदद मिलेगी और सड़क के राइट ऑफ वे यानी ROW में उपलब्ध सड़क स्थान भी बढ़ा है। हालांकि, ग्रीन बेल्ट पर मौजूद कुछ निर्माण सुप्रीम कोर्ट के स्थगन आदेश के कारण अभी नहीं हटाए गए हैं। DTP प्रवर्तन विभाग ने पुलिस बल की सहायता से बिलासपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत बोहराकलां, खरखड़ी और जमालपुर में तीन अनधिकृत कॉलोनियों के खिलाफ अभियान चलाया।

पहली कार्रवाई बोहराकलां गांव में हुई, जहां करीब डेढ़ एकड़ में फैली अनधिकृत कॉलोनी में चार डीपीसी यानी निर्माण की शुरुआती नींव और तीन बाउंड्री वॉल पूरी तरह तोड़ी गईं। इसके अलावा, कॉलोनी में बनाई गई कच्ची सड़कों के पूरे नेटवर्क को उखाड़ दिया गया।

दूसरी कार्रवाई खरखड़ी गांव में की गई। यहां करीब 1.25 एकड़ में विकसित की जा रही अनधिकृत कॉलोनी में पांच डीपीसी और बाउंड्री वॉल तथा दो निर्माणाधीन संरचनाओं को तोड़ा गया। साथ ही, कॉलोनी में बनाई गई सभी कच्ची सड़कों को भी उखाड़ दिया गया।

तीसरी कार्रवाई जमालपुर गांव में हुई, जहां करीब पांच एकड़ में फैली अनधिकृत कॉलोनी को निशाना बनाया गया। यहां दो डीपीसी और बाउंड्री वॉल तथा एक निर्माणाधीन संरचना को ध्वस्त किया गया। इसके साथ ही, कॉलोनी में बनाए गए कच्चे सड़क नेटवर्क को भी पूरी तरह उखाड़ दिया गया।

विभाग की इस कार्रवाई का उद्देश्य अवैध निर्माणों और अनधिकृत कॉलोनियों के विकास पर रोक लगाना है। DLF फेज-3 में जहां सड़क पर यातायात सुचारू करने और ग्रीन एरिया को अवैध कब्जों से मुक्त कराने के लिए कार्रवाई की गई, वहीं तीन गांवों में बिना अनुमति विकसित की जा रही कॉलोनियों के निर्माण ढांचे और कच्चे रास्तों को हटाया गया।