Gurugram- सुशांत लोक-1 इलाके में एक निर्माणाधीन इमारत के अचानक झुकने से आसपास रहने वाले लोगों में हड़कंप मच गया। गनीमत रही कि समय रहते पुलिस मौके पर पहुंच गई और एहतियाती कदम उठाते हुए आसपास के मकानों में रह रहे लोगों को सुरक्षित बाहर निकलवा लिया। पुलिस की तत्परता से एक बड़े हादसे की आशंका को टालने में मदद मिली।

मामला सुशांत लोक-1 के ब्लॉक-सी में प्लॉट नंबर 1770 का है। जानकारी के मुताबिक, बीती रात गुरुग्राम पुलिस के थाना सुशांत लोक को सूचना मिली कि यहां एक निर्माणाधीन इमारत एक तरफ झुक गई है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। मौके पर पता चला कि करीब पांच मंजिला निर्माणाधीन इमारत लगभग तैयार थी। इसके साथ लगते प्लॉट में नींव की खुदाई का काम चल रहा था। इसी दौरान इमारत एक तरफ करीब दो से ढाई इंच तक झुक गई। स्थिति को देखते हुए आसपास के क्षेत्र में हादसे की आशंका पैदा हो गई।

संभावित दुर्घटना और जान-माल के नुकसान को रोकने के लिए पुलिस ने तुरंत एहतियाती कदम उठाए। झुकी हुई इमारत के दोनों तरफ स्थित तीन मकानों में रह रहे लोगों को सुरक्षित बाहर निकलवाया गया। पुलिस ने लोगों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए मौके पर आवश्यक कार्रवाई की। वहीं, इस मामले में पीड़ित मकान मालिक की शिकायत पर पुलिस ने साथ लगते प्लॉट के मालिक, ठेकेदार और जेसीबी चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस के मुताबिक, मामले में नियमानुसार आगामी कार्रवाई की जा रही है।

गुरुग्राम पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि निर्माण कार्य के दौरान निर्धारित सुरक्षा मानकों और जरूरी सावधानियों का पालन करें, ताकि इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।फिलहाल, पुलिस की समय पर कार्रवाई से आसपास के तीन मकानों में रह रहे लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। इस घटना ने एक बार फिर निर्माण कार्य के दौरान सुरक्षा मानकों के पालन की अहमियत को सामने ला दिया है।