Gurugram- गुरुग्राम में बढ़ते प्रदूषण पर लगाम लगाने के लिए नगर निगम ने बड़ी कार्रवाई की है। मंगलवार को निगम की अलग-अलग टीमों ने पांच क्षेत्रों में अभियान चलाकर 8 रेडी मिक्स कंक्रीट यानी RMC प्लांटों को ध्वस्त कर दिया। यह कार्रवाई भोंडसी, दौलताबाद, बहरामपुर, धूमसपुर और मैदावास क्षेत्र में की गई।
नगर निगम गुरुग्राम की ओर से निर्माण गतिविधियों से होने वाले धूल और वायु प्रदूषण पर नियंत्रण के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में निगम की टीमों ने अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई करते हुए RMC प्लांटों को निशाना बनाया।
सहायक अभियंता आशीष हुड्डा के नेतृत्व में टीम ने रिठोज रोड, जेल रोड और बहरामपुर क्षेत्र में तीन RMC प्लांटों को ध्वस्त किया। वहीं, सहायक अभियंता हरिप्रकाश की टीम ने दौलताबाद में कार्रवाई करते हुए तीन प्लांटों को धराशायी किया।
इसके अलावा, संयुक्त आयुक्त सपना यादव के नेतृत्व में जेई कपिल की टीम ने धूमसपुर और मैदावास क्षेत्र में दो RMC प्लांटों को जमींदोज किया। इस तरह नगर निगम ने एक ही दिन में कुल आठ प्लांटों के खिलाफ कार्रवाई की।






