BreakingLoading breaking news...
Bolta Gurugram Logo
...
Home/Social/न्यू गुरुग्राम में सीवर नेटवर्क का बड़ा विस्तार, सेक्टर-77 से 80 तक बिछेगी 7.9 KM मास्टर सीवर लाइन

न्यू गुरुग्राम में सीवर नेटवर्क का बड़ा विस्तार, सेक्टर-77 से 80 तक बिछेगी 7.9 KM मास्टर सीवर लाइन

SM

Sahil Manchanda

Published on Sep 8, 20263 min read

न्यू गुरुग्राम में सीवर नेटवर्क का बड़ा विस्तार, सेक्टर-77 से 80 तक बिछेगी 7.9 KM मास्टर सीवर लाइन
न्यू गुरुग्राम में सीवर नेटवर्क विस्तार को मंजूरी मिली है। सेक्टर-77 से 80 तक 7.9 किलोमीटर मास्टर सीवर लाइन बिछेगी।
Gurugram- गुरुग्राम के तेजी से विकसित हो रहे न्यू गुरुग्राम में सीवर व्यवस्था को मजबूत करने के लिए बड़ा कदम उठाया गया है। गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण यानी GMDA अब सेक्टर-77 से 80 तक करीब 7.90 किलोमीटर लंबी मास्टर सीवर लाइन बिछाएगा। इस परियोजना पर करीब 19.30 करोड़ रुपये खर्च होंगे और काम डीएनआईटी रेट से 9.21 प्रतिशत कम दर पर कराया जाएगा।

परियोजना को सोमवार को चंडीगढ़ में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की अध्यक्षता में हुई हाई पावर्ड वर्क्स परचेज कमेटी यानी HPWPC की 10वीं बैठक में मंजूरी दी गई है। इस परियोजना के तहत अलग-अलग जगहों पर 600 एमएम से लेकर 1200 एमएम व्यास की सीवर लाइन डाली जाएगी। इसके साथ मैनहोल और सीवर नेटवर्क को सुचारु रूप से चलाने के लिए जरूरी अन्य निर्माण कार्य भी किए जाएंगे। परियोजना को पूरा करने के लिए दो साल की समय सीमा निर्धारित की गई है, जबकि काम पूरा होने के बाद तीन साल की डिफेक्ट लायबिलिटी अवधि रहेगी।

GMDA के CEO पीसी मीणा ने बताया कि गुरुग्राम में सीवर नेटवर्क का विस्तार चरणबद्ध तरीके से किया जा रहा है, ताकि मौजूदा जरूरतों के साथ भविष्य में बढ़ने वाली आबादी और नए विकास को भी ध्यान में रखा जा सके। उन्होंने कहा कि सेक्टर-77 से 80 तक बनने वाली यह मास्टर सीवर लाइन न्यू गुरुग्राम के सीवर नेटवर्क को और मजबूत करेगी। अधिकारियों के मुताबिक सेक्टर-1 से 57 तक सीवर लाइन बिछाने का काम पूरा हो चुका है और नेटवर्क चालू है, जबकि सेक्टर-58 से 67 तक भी सीवर नेटवर्क बिछाया जा चुका है। वहीं सेक्टर-68 से 76 तक सीवर लाइन बिछाने का काम जारी है, जिसे जून 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।

न्यू गुरुग्राम के आगे सेक्टर-81 से 103 तक हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण यानी HSVP की ओर से सीवर लाइन बिछाई जा रही है। दूसरी तरफ सेक्टर-104 से 115 तक का सीवर नेटवर्क GMDA विकसित कर रहा है और इसे मार्च 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य है। खास बात यह है कि केवल सीवर लाइन बिछाने तक ही काम सीमित नहीं रहेगा। बढ़ते सीवेज को ट्रीट करने के लिए GMDA शहर की सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट यानी STP क्षमता भी बढ़ा रहा है। मौजूदा STP की क्षमता में विस्तार किया जा रहा है और जरूरत के हिसाब से अलग-अलग स्थानों पर नए STP भी विकसित किए जा रहे हैं।

GMDA और HSVP के इस संयुक्त प्रयास का उद्देश्य न्यू गुरुग्राम के तेजी से विकसित हो रहे रिहायशी और व्यावसायिक इलाकों को बेहतर और भरोसेमंद सीवर कनेक्टिविटी उपलब्ध कराना है, ताकि आने वाले समय में बढ़ती आबादी और नई परियोजनाओं के दबाव के बावजूद सीवेज व्यवस्था को बेहतर तरीके से संचालित किया जा सके।
Tags:GurgaonGurugramGurugramnewsHaryanaGMDASEWERLINEsewerageWaterline

More from Social