Gurugram- त्योहारों का सीजन शुरू होते ही गुरुग्राम के बाजारों में खरीदारी के लिए लोगों की भीड़ बढ़ने लगी है। ऐसे में सड़कों पर लगने वाले जाम से निपटने के लिए गुरुग्राम यातायात पुलिस ने कमर कस ली है। खास तौर पर सदर बाजार क्षेत्र में आने वाले वाहन चालकों को निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही अपने वाहन खड़े करने की हिदायत दी गई है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सड़क किनारे, नो-पार्किंग जोन या प्रतिबंधित स्थानों पर वाहन खड़े करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

दरअसल, त्योहारों के दौरान बाजारों में लोगों की आवाजाही बढ़ जाती है। बड़ी संख्या में लोग खरीदारी करने के लिए अपने निजी वाहनों से पहुंचते हैं। इस दौरान यदि वाहन सड़कों के किनारे या गलत जगह पर खड़े कर दिए जाते हैं, तो यातायात बाधित होता है और जाम की स्थिति पैदा हो जाती है। इससे न केवल दूसरे वाहन चालकों, बल्कि पैदल चलने वाले लोगों को भी परेशानी का सामना करना पड़ता है।

सदर बाजार आने वाले लोग इन पार्किंग स्थलों का करें इस्तेमाल

गुरुग्राम यातायात पुलिस ने वाहन चालकों की सुविधा के लिए निर्धारित पार्किंग स्थलों का इस्तेमाल करने की अपील की है। इनमें सदर बाजार मल्टीलेवल पार्किंग, मोर चौक पार्किंग, सिविल अस्पताल पार्किंग और कमान सराय के अंदर स्थित पार्किंग शामिल हैं। कमान सराय की पार्किंग पुराने थाना शहर के पास है।

पुलिस ने लोगों से अपील की है कि सदर बाजार में खरीदारी के लिए आने से पहले अपने वाहन को निर्धारित पार्किंग स्थल पर ही खड़ा करें। जल्दबाजी या सुविधा के नाम पर सड़क किनारे वाहन खड़ा करने से बचें, क्योंकि इससे बाजारों में यातायात व्यवस्था प्रभावित होती है।

गलत पार्किंग करने वालों पर होगी कार्रवाई

गुरुग्राम यातायात पुलिस के अनुसार, त्योहारों के दौरान प्रमुख बाजारों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में यातायात प्रबंधन पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। पुलिसकर्मी यातायात को सुचारु बनाए रखने के लिए तैनात रहेंगे। गलत और अनधिकृत पार्किंग करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस ने आमजन से यातायात नियमों का पालन करने और निर्धारित पार्किंग स्थलों का उपयोग करने की अपील की है। साथ ही लोगों से कहा है कि वे अपनी सुविधा के साथ दूसरे राहगीरों की सहूलियत का भी ध्यान रखें।