Gurugram- पूर्व सांसद और गुरुग्राम लोकसभा सीट से कांग्रेस प्रत्याशी रहे राज बब्बर ने भाजपा सरकार पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने गुरुग्राम को बर्बाद करने के सिवाय कुछ नहीं किया। विकास के नाम पर सिर्फ दावे किए गए और फिर भूल गए। 12 साल के शासन में भाजपा के पास गिनाने के लिए 12 काम भी नहीं हैं। भाजपा आगे दौड़ पीछे छोड़ की नीति पर काम कर रही है, जो जनहित में नहीं है।

राज बब्बर बुधवार को कमान सराय स्थित कांग्रेस भवन में पत्रकार वार्ता को संबोधित कर रहे थे। जिला अध्यक्ष (शहरी) पंकज डावर व ग्रामीण अध्यक्ष वर्धन यादव समेत कार्यकर्ताओं ने पूर्व सांसद राज बब्बर का भव्य स्वागत किया। पत्रकार वार्ता में पूर्व सांसद राज बब्बर ने कहा कि भाजपा के तीसरे कार्यकाल के दूसरे साल में हरियाणा बेहाल है। बात करें गुरुग्राम की तो गुरुग्राम हरियाणा को सबसे ज्यादा रेवेन्यू देता है, इसके बावजूद आज बर्बादी के कगार पर खड़ा है।

राज बब्बर ने कहा कि 12 साल में भाजपा सरकार गुरुग्राम में एक नया सरकारी अस्पताल नहीं बना पाई, एक नया बस अड्डा नहीं बना पाई। शहर की पहचान बन चुके कूड़े के ढेर, जलभराव, टूटी सडक़ें, ट्रैफिक जाम आज भी जस के तस हैं। गुरुग्राम को मिलेनियम सिटी कहा जाता है, लेकिन बुनियादी सुविधाओं के नाम पर यहां कुछ नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार शराब माफिया की तरह काम कर रही है। हर गली-मोहल्ले में शराब के ठेके खोल दिए गए हैं, लेकिन शिक्षा और स्वास्थ्य के लिए कोई ठोस योजना नहीं है। युवाओं के लिए रोजगार नहीं, महिलाओं के लिए सुरक्षा नहीं।

पूर्व सांसद ने कहा कि गुरुग्राम से सरकार को हजारों करोड़ रुपये का रेवेन्यू मिलता है, लेकिन बदले में शहर को क्या मिला। कूड़े के पहाड़, सीवर का ओवरफ्लो, हर बारिश में जलभराव से डूबता शहर। साइबर सिटी कहे जाने वाले गुडग़ांव में आज भी बुनियादी सुविधाओं के लिए लोगों को तरसना पड़ रहा है। राज बब्बर ने कहा कि भाजपा सरकार ने गुरुग्राम को केवल विज्ञापनों में स्मार्ट सिटी बनाया है। धरातल पर शहर की हालत बद से बदतर हो गई है। 

सिविल अस्पताल की हालत खस्ता है, सरकारी स्कूलों में टीचर नहीं हैं, और बस अड्डे का प्रोजेक्ट पिछले कई सालों से सिर्फ कागजों में घूम रहा है। राज बब्बर ने कहा कि जब विपक्ष जनहित के मुद्दे उठाता है तो सरकार एफआईआर दर्ज कर आवाज दबाने का काम करती है। लोकतंत्र में विपक्ष की भूमिका सवाल पूछने की होती है, लेकिन भाजपा सरकार सवालों से भागती है। जनहित की आवाज उठाने वालों पर मुकदमे दर्ज करना सरकार की तानाशाही प्रवृत्ति को दर्शाता है।

उन्होंने कहा कि गुरुग्राम की जनता अब सब समझ चुकी है। आगे दौड़ पीछे छोड़ की नीति से विकास नहीं होता। विकास के लिए विजन चाहिए, जो भाजपा के पास नहीं है। भाजपा ने सिर्फ गुरुग्राम को बेचने का काम किया है, बसाने का नहीं। राज बब्बर ने कहा कि कांग्रेस ने हमेशा गुरुग्राम के विकास के लिए काम किया है। चाहे मेट्रो हो, यूनिवर्सिटी हो, अस्पताल हो या बड़े उद्योग, सभी कांग्रेस के कार्यकाल में आए। कांग्रेस का विजन गुडग़ांव को वल्र्ड क्लास सिटी बनाना है, न कि कूड़े और जलभराव का शहर। उन्होंने कहा कि आने वाले चुनाव में जनता भाजपा को सबक सिखाएगी। गुडग़ांव की जनता बदलाव चाहती है और वह बदलाव कांग्रेस ही ला सकती है।