BreakingLoading breaking news...
Bolta Gurugram Logo
...
Home/Social/गुरुग्राम में 62 चालान वाली स्कूटी इंपाउंड, ₹2.17 लाख का जुर्माना बकाया

गुरुग्राम में 62 चालान वाली स्कूटी इंपाउंड, ₹2.17 लाख का जुर्माना बकाया

SM

Sahil Manchanda

Published on Sep 8, 20262 min read

गुरुग्राम में 62 चालान वाली स्कूटी इंपाउंड, ₹2.17 लाख का जुर्माना बकाया
गुरुग्राम में ट्रैफिक पुलिस ने जांच के दौरान 62 लंबित चालान वाली स्कूटी इंपाउंड की। इन चालानों की कुल जुर्माना राशि ₹2.17 लाख है।
Gurugram- गुरुग्राम में ट्रैफिक नियमों की अनदेखी करना एक स्कूटी चालक को भारी पड़ गया। गुरुग्राम यातायात पुलिस ने एक ऐसी स्कूटी को इंपाउंड किया है, जिस पर एक-दो नहीं बल्कि कुल 62 चालान लंबित पाए गए। इन सभी चालानों की कुल जुर्माना राशि 2 लाख 17 हजार 500 रुपये है।

दरअसल, गुरुग्राम यातायात पुलिस की ओर से यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ लगातार विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत लंबे समय से लंबित चालानों का भुगतान नहीं करने वाले वाहन चालकों पर भी कार्रवाई की जा रही है। 8 सितंबर 2026 को जोनल अधिकारी Z चौक के ASI सुरेंद्र कुमार अपनी टीम के साथ नियमित वाहन जांच कर रहे थे। इसी दौरान टीम ने एक स्कूटी को जांच के लिए रोका और चालक से वाहन के जरूरी दस्तावेज दिखाने को कहा, लेकिन चालक कोई भी दस्तावेज पेश नहीं कर पाया।

इसके बाद पुलिस टीम ने स्कूटी के रिकॉर्ड की जांच की तो सामने आया कि इस वाहन पर मोटर वाहन अधिनियम, 1988 की विभिन्न धाराओं के तहत कुल 62 चालान लंबित हैं। इन लंबित चालानों की कुल जुर्माना राशि 2,17,500 रुपये बताई गई है। पुलिस के मुताबिक, इन चालानों में बिना हेलमेट वाहन चलाने, बिना वैध इंश्योरेंस और यातायात नियमों के अन्य उल्लंघनों से जुड़े चालान भी शामिल हैं। लंबित चालानों की इतनी बड़ी संख्या और जुर्माना राशि सामने आने के बाद गुरुग्राम यातायात पुलिस ने नियमानुसार कार्रवाई करते हुए स्कूटी को इंपाउंड कर निर्धारित पार्किंग में खड़ा करा दिया।

यातायात पुलिस का कहना है कि अभियान का उद्देश्य केवल चालान काटना नहीं, बल्कि वाहन चालकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करना और सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करना भी है। पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे अपने वाहनों के सभी जरूरी दस्तावेज अपडेट रखें, जिसमें वैध इंश्योरेंस और प्रदूषण प्रमाण-पत्र समेत अन्य आवश्यक कागजात शामिल हैं। साथ ही, अगर किसी वाहन पर पहले से कोई चालान लंबित है तो उसका समय पर भुगतान जरूर करें, ताकि आगे चलकर कानूनी कार्रवाई का सामना न करना पड़े। 

गुरुग्राम यातायात पुलिस ने साफ किया है कि यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों और लंबे समय से चालान लंबित रखने वाले वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
Tags:GurgaonGurugramGurugramnewsPoliceGurgaonpoliceGurugrampoliceTrafficpolicecrimeChallan

More from Social