Gurugram- गुरुग्राम में ट्रैफिक नियमों की अनदेखी करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ यातायात पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है, लेकिन इसके बावजूद कुछ वाहन चालक लंबित चालानों को गंभीरता से नहीं ले रहे हैं। ऐसा ही एक मामला सोमवार को सामने आया, जहां जांच के दौरान एक मोटरसाइकिल पर ₹1 लाख 79 हजार की जुर्माना राशि के 17 चालान लंबित मिले। इसके बाद यातायात पुलिस ने मोटरसाइकिल को इंपाउंड कर दिया।
दरअसल, 19 अक्टूबर को मारुति कुंज टी-पॉइंट पर जोनल अधिकारी एएसआई रामप्रकाश अपनी टीम के साथ वाहनों की जांच कर रहे थे। इसी दौरान एक मोटरसाइकिल को जांच के लिए रोका गया। चालक आवश्यक वाहन दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। जब मोटरसाइकिल के रिकॉर्ड की जांच की गई तो पता चला कि उस पर मोटर वाहन अधिनियम के तहत कुल 17 चालान लंबित हैं, जिनकी जुर्माना राशि ₹1,79,000 है। इनमें बिना प्रदूषण प्रमाण-पत्र यानी पीयूसी और बिना हेलमेट से जुड़े उल्लंघन सहित अन्य चालान भी शामिल थे।
लंबित चालानों और जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर यातायात पुलिस ने नियमानुसार कार्रवाई करते हुए मोटरसाइकिल को इंपाउंड कर निर्धारित पार्किंग में खड़ा करा दिया। हालांकि, यह पहली बार नहीं है जब गुरुग्राम में भारी जुर्माना राशि के लंबित चालानों के चलते किसी वाहन को इंपाउंड किया गया हो। इससे पहले भी यातायात पुलिस कई मोटरसाइकिलों के साथ-साथ भारी वाहनों और ट्रकों को इंपाउंड कर चुकी है। कुछ वाहनों पर लाखों रुपये के चालान लंबित मिलने के बाद भी कार्रवाई की गई है। इसके बावजूद कई वाहन चालक चालानों का भुगतान करने और यातायात नियमों का पालन करने को लेकर गंभीर नजर नहीं आते।






