Gurugram- दिल्ली एयरपोर्ट से गुरुग्राम पहुंची एक महिला ने Uber कैब ड्राइवर पर बदसलूकी करने, जबरन ज्यादा किराया वसूलने की कोशिश करने और जान से मारने की धमकी देने के गंभीर आरोप लगाए हैं। महिला ने सोशल मीडिया X पर अपनी आपबीती साझा की, जिसके बाद Uber और पुलिस की प्रतिक्रिया सामने आई है।
महिला के मुताबिक, वह दिल्ली एयरपोर्ट से गुरुग्राम स्थित अपने घर जाने के लिए Uber कैब में सवार हुई थी। Uber ऐप पर यात्रा का किराया करीब 625 रुपये दिखाया गया था। लेकिन सफर खत्म होने के बाद ड्राइवर ने कथित तौर पर रैपिडो ऐप का स्क्रीनशॉट दिखाकर 1,479 रुपये की मांग की।
महिला का कहना है कि उसने ड्राइवर को बताया कि उसने Uber कैब बुक की थी और ऐप पर किराया 625 रुपये ही दिखाया गया था। इसके बावजूद ड्राइवर ने कथित तौर पर ज्यादा पैसे देने का दबाव बनाया। महिला ने ऐप पर दिखाया गया किराया चुका दिया, लेकिन इसके बाद विवाद बढ़ गया।
महिला ने आरोप लगाया कि ड्राइवर ने गाड़ी लॉक कर दी और 1,479 रुपये दिए बिना उसका सामान निकालने से रोक दिया। जब उसने अपना सामान निकालने की कोशिश की, तो ड्राइवर ने कथित तौर पर उसका हाथ पकड़ लिया और सामान निकालने से रोकने के लिए खिड़की बंद कर दी।
महिला के मुताबिक, किसी तरह वह अपना सामान लेकर घर के अंदर जाने लगी, लेकिन ड्राइवर ने उसका पीछा किया। आरोप है कि उसने घर का गेट जबरन खोलने की कोशिश की, गाली-गलौज की और महिला को घर के अंदर जाने से रोकने का प्रयास किया। महिला का कहना है कि जब वह घर के अंदर पहुंचकर दरवाजा बंद कर चुकी थी, तब भी ड्राइवर कथित तौर पर गेट पर चढ़ने लगा और उसे जान से मारने की धमकी देने लगा।
महिला के अनुसार, यह घटना सुबह करीब 4 बजकर 45 मिनट पर हुई। उसने सोशल मीडिया पोस्ट X में यह भी कहा कि घटना के बाद Uber के सेफ्टी सपोर्ट से संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन उसे ऐप पर सेफ्टी सपोर्ट का विकल्प नहीं मिला।
**सोशल मीडिया पोस्ट के बाद Uber और पुलिस की प्रतिक्रिया**
महिला की पोस्ट के बाद Uber की ओर से जवाब दिया गया। महिला द्वारा साझा की गई जानकारी के मुताबिक, कंपनी ने संबंधित ड्राइवर का एकाउंट ब्लॉक करने की बात कही है।
वहीं, पुलिस की ओर से भी महिला से घटना से जुड़ी विस्तृत जानकारी मांगी गई है। पुलिस ने मामले में कार्रवाई किए जाने की बात कही है।
फिलहाल, महिला द्वारा लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि और पुलिस जांच के निष्कर्ष सामने आना बाकी है। अब देखना होगा कि पुलिस की जांच में क्या तथ्य सामने आते हैं और मामले में आगे क्या कार्रवाई होती है।






