Gurugram- गुरुग्राम में अगर आपका कोई पुराना ट्रैफिक चालान लंबित है, तो यह खबर आपके लिए बेहद जरूरी है। लंबित ट्रैफिक चालानों के निपटारे को आसान बनाने के लिए जिला विधिक सेवाएं प्राधिकरण, गुरुग्राम की ओर से विशेष हेल्प डेस्क स्थापित की गई है। यह हेल्प डेस्क 3 सितंबर से शुरू हो चुकी है और 12 सितंबर 2026 तक लोगों के लिए उपलब्ध रहेगी।
दरअसल, 12 सितंबर 2026 को गुरुग्राम जिला न्यायालय परिसर में राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया जा रहा है। जिला एवं सत्र न्यायाधीश एवं चेयरमैन, जिला विधिक सेवाएं प्राधिकरण, गुरुग्राम नरेंद्र सुरा के दिशा-निर्देशानुसार आयोजित होने वाली इस लोक अदालत में लंबित ट्रैफिक चालानों के निपटारे की सुविधा भी दी जाएगी।
लोगों की सुविधा के लिए जिला विधिक सेवाएं प्राधिकरण ने ट्रैफिक पुलिस के सहयोग से टावर ऑफ जस्टिस के ग्राउंड फ्लोर पर एस्केलेटर के पास हेल्प डेस्क स्थापित की है। यहां पहुंचकर लोग अपने लंबित चालानों से जुड़ी जरूरी जानकारी हासिल कर सकते हैं।
जिला विधिक सेवाएं प्राधिकरण की सचिव एवं मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी निशा ने बताया कि नागरिक अपने चालान की जानकारी और उसकी स्थिति ई-चालान पोर्टल पर भी देख सकते हैं। इसके लिए संबंधित व्यक्ति अपने पहचान पत्र, ड्राइविंग लाइसेंस और वाहन के सभी जरूरी दस्तावेजों की एक-एक प्रति लेकर हेल्प डेस्क पर संपर्क कर सकता है।
हेल्प डेस्क पर तैनात सहायता कर्मी संबंधित व्यक्ति को उसके मामले और रोल नंबर यानी आर.ओ. नंबर की जानकारी उपलब्ध कराएंगे। खास बात यह है कि हेल्प डेस्क पर सितंबर 2022 तक के लंबित चालानों की जानकारी उपलब्ध है।
अगर किसी व्यक्ति को अपने पुराने चालान की जानकारी पहले से नहीं है, तो उसे परेशान होने की जरूरत नहीं है। वह सिर्फ अपना वाहन नंबर लेकर भी हेल्प डेस्क पर पहुंच सकता है। वहां उसे उसके चालान से जुड़ी आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी।
हेल्प डेस्क की यह सेवा पूरी तरह निःशुल्क है। चालान से संबंधित जानकारी मिलने के बाद आवेदक संबंधित न्यायालय में उपस्थित होकर न्यायाधीश के सामने अपनी दरखास्त प्रस्तुत कर सकता है। इसके बाद उसके ट्रैफिक चालान का नियमानुसार निपटारा किया जा सकेगा।
जिला विधिक सेवाएं प्राधिकरण के मुताबिक, राष्ट्रीय लोक अदालत के माध्यम से बड़ी संख्या में लंबित मामलों का आपसी सहमति से निपटारा किया जाता है। इससे लोगों के समय और पैसे दोनों की बचत होती है और लंबे समय से लंबित मामलों को निपटाने का आसान अवसर मिलता है।
इसलिए अगर आपका भी सितंबर 2022 तक का कोई ट्रैफिक चालान लंबित है, तो आप 12 सितंबर तक टावर ऑफ जस्टिस स्थित हेल्प डेस्क पर जाकर इसकी जानकारी ले सकते हैं।
अधिक जानकारी के लिए जिला विधिक सेवाएं प्राधिकरण, गुरुग्राम के दूरभाष नंबर 0124-2221501 पर संपर्क किया जा सकता है।






