Gurugram- पंजाब की आम आदमी पार्टी सरकार पर हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने भ्रष्टाचार और नशे के मुद्दे पर तीखा हमला बोला है। सीएम सैनी ने दावा किया कि पंजाब में आम आदमी पार्टी के विधायक अपनी ही सरकार से परेशान होकर पार्टी छोड़ रहे हैं और बीजेपी में शामिल हो रहे हैं। उन्होंने पंजाब सरकार के ईमानदारी के दावों पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि अब जनता के सामने सरकार की असलियत आ चुकी है।

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी बुधवार को गुरुग्राम में ग्रीवेंस कमेटी की बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने पंजाब की सियासत को लेकर आम आदमी पार्टी पर जमकर निशाना साधा। सीएम सैनी ने कहा कि आम आदमी पार्टी खुद को कट्टर ईमानदार पार्टी बताती थी, लेकिन आज उसी पार्टी की सरकार पर भ्रष्टाचार के आरोप लग रहे हैं। उन्होंने कहा कि पंजाब के कुछ विधायकों ने सरकार की कार्यशैली से परेशान होकर आम आदमी पार्टी छोड़ दी है और बीजेपी का दामन थामा है।

मुख्यमंत्री ने पंजाब में कथित तौर पर टावर से नोटों की बारिश होने की घटना का जिक्र करते हुए कहा कि इस घटना को पूरे पंजाब ही नहीं, बल्कि दुनिया ने देखा है। उनके मुताबिक, यह घटना पंजाब सरकार के कामकाज और भ्रष्टाचार के दावों पर सवाल खड़े करती है। सीएम सैनी ने पंजाबी अंदाज में तंज कसते हुए कहा, "असी तां ईमानदार हां, साडी पार्टी कट्टर ईमानदार हा।" उन्होंने कहा कि अब इसी दावे पर सवालिया निशान लग रहा है।

पंजाब में नशे की समस्या को लेकर भी मुख्यमंत्री ने आम आदमी पार्टी को घेरा। उन्होंने कहा कि इससे पहले कांग्रेस ने भी पंजाब के लोगों से बड़े-बड़े वादे किए थे। हर घर में नौकरी देने और नशे को खत्म करने का भरोसा दिलाया गया था, लेकिन कांग्रेस अपने वादों को पूरा नहीं कर पाई।मुख्यमंत्री के मुताबिक, कांग्रेस के शासनकाल में पंजाब में नशे की समस्या और गंभीर हुई। इसके बाद आम आदमी पार्टी ने बदलाव और नशा मुक्त पंजाब का सपना दिखाया। मुख्यमंत्री ने कहा कि शहीद-ए-आजम भगत सिंह के चरणों में बैठकर संकल्प लेने की बात कहकर पंजाब की जनता को भरोसा दिलाया गया था, लेकिन मौजूदा हालात पहले से भी खराब हो गए हैं।

सीएम सैनी ने पंजाब में नशे के खिलाफ कार्रवाई को लेकर भी गंभीर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि अगर कोई व्यक्ति नशे के खिलाफ शिकायत लेकर पुलिस थाने पहुंचता है, तो कार्रवाई करने के बजाय उसी के खिलाफ मामला दर्ज कर दिया जाता है। उन्होंने एक वायरल वीडियो का हवाला देते हुए कहा कि वीडियो में एक आश्रम में पुलिसकर्मियों द्वारा कथित तौर पर नशीला पदार्थ रखे जाने और बाद में छापेमारी कर लोगों को गिरफ्तार करने का मामला सामने आया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि आश्रम में लगे सीसीटीवी कैमरों की वजह से पूरी घटना सामने आ सकी।

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि आम आदमी पार्टी ने सत्ता में आने से पहले तीन से छह महीने के भीतर पंजाब से नशा खत्म करने का वादा किया था, लेकिन आज प्रदेश की स्थिति सबके सामने है। उन्होंने दावा किया कि पंजाब की जनता अब सरकार से नाराज है और आने वाले चुनाव में इसका जवाब देगी। सीएम सैनी ने कहा कि पंजाब में आम आदमी पार्टी की सरकार की विदाई तय है और अब उसे कोई बचा नहीं सकता।