Gurugram- गुरुग्राम में प्रॉपर्टी टैक्स जमा नहीं कराने वाले बड़े बकायेदारों पर नगर निगम ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। मंगलवार को निगम की जोन-4 टीम ने उद्योग विहार में तीन बड़ी व्यावसायिक संपत्तियों को सील कर दिया। खास बात यह है कि इन तीनों संपत्तियों पर करीब 5 करोड़ 57 लाख रुपये का प्रॉपर्टी टैक्स बकाया है। लंबे समय से भुगतान नहीं करने पर नगर निगम ने यह कार्रवाई की है।
दरअसल, नगर निगम गुरुग्राम की ओर से प्रॉपर्टी टैक्स की बकाया राशि वसूलने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत मंगलवार को जोन-4 की टीम उद्योग विहार पहुंची और टैक्स जमा नहीं कराने वाले तीन बड़े बकायेदारों की संपत्तियों को सील कर दिया।
पहली संपत्ति पर 2.10 करोड़ रुपये से ज्यादा बकाया
नगर निगम की ओर से सील की गई पहली संपत्ति पीसीआई लिमिटेड की है। यह संपत्ति उद्योग विहार फेज-2 स्थित प्राइम टावर में है। इस पर 2 करोड़ 10 लाख 45 हजार 687 रुपये से अधिक का प्रॉपर्टी टैक्स बकाया है।
एडुकॉम्प डेटामेटिक्स पर 53 लाख रुपये बकाया
दूसरी संपत्ति एडुकॉम्प डेटामेटिक्स लिमिटेड की है। इस संपत्ति पर नगर निगम का 53 लाख 25 हजार 204 रुपये प्रॉपर्टी टैक्स बकाया है। भुगतान नहीं होने के चलते निगम की टीम ने इसे भी सील कर दिया।
रोल्टा प्राइवेट लिमिटेड पर सबसे ज्यादा बकाया
वहीं, तीसरी संपत्ति रोल्टा प्राइवेट लिमिटेड की है। इस पर 2 करोड़ 92 लाख 96 हजार 643 रुपये से अधिक का प्रॉपर्टी टैक्स बकाया है। तीनों संपत्तियों पर कुल मिलाकर करीब 5 करोड़ 57 लाख रुपये की राशि बकाया है। नगर निगम की इस कार्रवाई को लेकर निगमायुक्त प्रदीप दहिया ने कहा कि प्रॉपर्टी टैक्स की वसूली के लिए बड़े बकायेदारों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। उन्होंने संपत्ति मालिकों से अपील की कि वे अपना बकाया टैक्स समय पर जमा कराएं, ताकि सीलिंग सहित अन्य कानूनी कार्रवाई से बचा जा सके।
नगर निगम ने स्पष्ट किया है कि प्रॉपर्टी टैक्स की वसूली को लेकर अभियान आगे भी जारी रहेगा और बकाया भुगतान नहीं करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।





