Gurugram- दीपावली से पहले गुरुग्राम में अवैध पटाखों की बिक्री पर पुलिस और सीएम फ्लाइंग की कार्रवाई लगातार जारी है। इस बार टीम ने बादशाहपुर में एक ऐसे व्यक्ति को पकड़ा है, जिसने अपने घर की छत को ही पटाखों की दुकान बना रखा था। दरअसल, सीएम फ्लाइंग की टीम को सूचना मिली थी कि बादशाहपुर सब्जी मंडी के पास एक व्यक्ति चोरी-छिपे पटाखों की बिक्री कर रहा है। सूचना मिलते ही सीएम फ्लाइंग और पुलिस की संयुक्त टीम ने मौके पर छापेमारी की।

टीम ने घर की छत पर जांच की तो वहां बड़ी मात्रा में पटाखे रखे हुए मिले। मौके से उत्तर प्रदेश के बदायूं निवासी अंकित को काबू किया गया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से करीब 186 किलो पटाखे बरामद किए हैं। कार्रवाई के बाद पटाखों को कब्जे में लेकर आरोपी के खिलाफ बादशाहपुर थाने में मामला दर्ज कराया गया है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।