Gurugram- सोहना एलिवेटेड रोड की हालत एक बार फिर सवालों के घेरे में है। जिस सड़क को बनाने के बाद से ही बार-बार धंसने की समस्या सामने आ रही है, वहां अब सातवीं बार उसी जगह सड़क धंसने का मामला सामने आया है। सुभाष चौक के पास सोमवार सुबह अचानक सड़क में गहरा गड्ढा बन गया। हैरानी की बात यह है कि करीब एक महीने पहले ही यहां लंबे समय तक मरम्मत का काम कराया गया था। इसके लिए एलिवेटेड रोड की दो लेन कई महीनों तक बंद रखी गई थीं, लेकिन मरम्मत के कुछ ही समय बाद सड़क दोबारा धंस गई।

शुरुआत में सड़क पर बना गड्ढा करीब एक फीट गहरा दिखाई दे रहा है, लेकिन जब इसकी वास्तविक गहराई देखी गई तो यह पांच फीट से भी अधिक बताई जा रही है। इतना ही नहीं, समय बीतने के साथ गड्ढे की चौड़ाई भी बढ़ रही है। इससे सड़क की मजबूती और मरम्मत के काम की गुणवत्ता को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं।

दरअसल, करीब चार साल पहले तैयार हुए इस सोहना एलिवेटेड रोड पर एक ही स्थान पर बार-बार सड़क धंसने की समस्या सामने आती रही है। इस हिस्से के नीचे गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण यानी GMDA की मास्टर सीवर लाइन गुजरती है। बताया जा रहा है कि सीवर लाइन में लीकेज होने के कारण जमीन कमजोर पड़ती है और सड़क धंस जाती है।

हर बार सड़क धंसने के बाद मरम्मत कराई जाती है और अधिकारियों की ओर से दोबारा ऐसी स्थिति नहीं बनने का भरोसा दिया जाता है। लेकिन इस बार फिर सड़क धंसने से इन दावों पर सवाल खड़े हो गए हैं। सवाल यह भी है कि जब समस्या की वजह सीवर लाइन में लीकेज बताई जा रही है, तो उसका स्थायी समाधान अब तक क्यों नहीं किया जा सका?

घटना की जानकारी मिलने के बाद नेशनल हाईवे अथॉरिटी की ओर से मौके पर सांकेतिक चेतावनी चिन्ह लगाया गया है, ताकि कोई वाहन गड्ढे में न फंसे। GMDA और हाईवे अथॉरिटी के अधिकारियों को भी सूचना दे दी गई है। अब अधिकारियों के मौके पर पहुंचने के बाद मरम्मत का काम दोबारा शुरू किया जाएगा।

फिलहाल इस घटना ने एक बार फिर सोहना एलिवेटेड रोड के निर्माण, रखरखाव और स्थायी समाधान को लेकर बहस छेड़ दी है। लोगों के मन में बड़ा सवाल यही है कि आखिर हर बार मरम्मत के बाद भी सड़क क्यों धंस जाती है और इस समस्या से स्थायी निजात कब मिलेगी?