Gurugram- गुरुग्राम और आसपास के इलाकों में सफर करने वाले वाहन चालकों के लिए जरूरी खबर है। सुल्तानपुर गांव के पास स्थित रेलवे फाटक नंबर LC-4C को मरम्मत कार्य के चलते 4 दिनों के लिए बंद किया जा रहा है। 3 नवंबर से 6 नवंबर 2026 तक इस फाटक से किसी भी तरह के वाहन को गुजरने की अनुमति नहीं होगी। ऐसे में गुरुग्राम से फरुखनगर, झज्जर और रोहतक की तरफ जाने वाले लोगों को अपने सफर के लिए वैकल्पिक रास्तों का इस्तेमाल करना होगा।

दरअसल, गुरुग्राम-फरुखनगर रोड पर सुल्तानपुर गांव के नजदीक रेलवे फाटक संख्या LC-04 की सड़क काफी खराब हो चुकी है। सड़क पर गहरे गड्ढे होने के कारण वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इसी को देखते हुए रेलवे विभाग ने सड़क की मरम्मत कराने का फैसला लिया है। इसके साथ ही रेलवे ट्रैक की मरम्मत का काम भी किया जाएगा।

गुरुग्राम यातायात पुलिस की ओर से जारी एडवाइजरी के मुताबिक, मरम्मत का काम 3 नवंबर 2026 को सुबह 8 बजे शुरू होगा और 6 नवंबर तक जारी रहेगा। इस दौरान रेलवे फाटक सभी प्रकार के वाहनों के लिए पूरी तरह बंद रहेगा। यातायात पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे इस रास्ते पर जाने से पहले अपने सफर की योजना बना लें।

अब जानिए किस रास्ते से जा सकेंगे वाहन चालक।

गुरुग्राम से फरुखनगर और झज्जर की ओर जाने वाले वाहन चालक चंदू से बादली और रामगोपाल कॉलेज सुल्तानपुर होते हुए मुबारकपुर के रास्ते झज्जर बाईपास तक पहुंच सकेंगे। वहीं, झज्जर और फरुखनगर से गुरुग्राम आने वाले वाहन चालकों को झज्जर बाईपास से मुबारकपुर होते हुए रामगोपाल कॉलेज सुल्तानपुर के रास्ते गुरुग्राम की ओर आना होगा।

पटौदी और झज्जर की तरफ से KMP फ्लाईओवर के नीचे से गुरुग्राम आने वाले वाहन चालकों के लिए भी वैकल्पिक रास्ता तय किया गया है। ऐसे वाहन चालक KMP फ्लाईओवर से पटौदी-पचगांव के रास्ते गुरुग्राम पहुंच सकते हैं।
इसके अलावा फरुखनगर से गुरुग्राम आने वाले वाहन चालक अनाज मंडी फरुखनगर से वजीरपुर होते हुए गुरुग्राम की ओर जा सकते हैं। उनके पास बादली, दिल्ली के रास्ते गुरुग्राम पहुंचने का विकल्प भी रहेगा। वहीं, रोहतक और झज्जर से गुरुग्राम आने वाले वाहन चालकों को बादली के रास्ते सफर करने की सलाह दी गई है।

गुरुग्राम यातायात पुलिस ने सभी वाहन चालकों से अपील की है कि 3 से 6 नवंबर तक सुल्तानपुर रेलवे फाटक की ओर जाने से बचें और निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करें। साथ ही रास्ते में तैनात यातायात पुलिसकर्मियों के निर्देशों का पालन करें, ताकि ट्रैफिक व्यवस्था सुचारू बनी रहे और रेलवे विभाग मरम्मत का काम समय पर पूरा कर सके।