Gurugram- गुरुग्राम में बढ़ते वायु प्रदूषण को देखते हुए नगर निगम ने दिल्ली-जयपुर एक्सप्रेस-वे समेत शहर की सड़कों को साफ और बेहतर बनाने के लिए सख्ती के निर्देश दिए हैं। निगमायुक्त प्रदीप दहिया ने एनएचएआई को एक्सप्रेस-वे की सफाई, मरम्मत और हरियाली पर विशेष ध्यान देने को कहा है। साथ ही एक्सप्रेस-वे के आसपास मलबा यानी सीएंडडी वेस्ट डालने वालों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करवाकर कानूनी कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।

दरअसल, सोमवार को नगर निगम कार्यालय में वायु प्रदूषण पर नियंत्रण को लेकर एक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता निगमायुक्त प्रदीप दहिया ने की। इसमें नगर निगम, जीएमडीए, पीडब्ल्यूडी, एचएसआईआईडीसी, ट्रैफिक पुलिस और अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

बैठक के दौरान निगमायुक्त ने स्पष्ट किया कि दिल्ली-जयपुर एक्सप्रेस-वे को स्वच्छ, सुंदर और बेहतर बनाने की जिम्मेदारी एनएचएआई प्रभावी तरीके से निभाए। एक्सप्रेस-वे पर नियमित सफाई के साथ हरियाली और रखरखाव सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि सड़क के आसपास निर्माण एवं विध्वंस से निकलने वाला मलबा डालने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। यदि कोई व्यक्ति या एजेंसी अवैध रूप से सीएंडडी वेस्ट डालती हुई पाई जाती है, तो उसके खिलाफ एफआईआर दर्ज करवाई जाए।

वहीं, निगमायुक्त ने शहर की सड़कों को लेकर भी सभी विभागों को जिम्मेदारी तय करते हुए काम करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक विभाग अपने अधिकार क्षेत्र में आने वाली सड़कों का निरीक्षण करे और जहां भी मरम्मत की जरूरत है, वहां प्राथमिकता के आधार पर काम करवाया जाए। खासतौर पर उद्योग विहार क्षेत्र की सड़कों को दुरुस्त करने की जिम्मेदारी एचएसआईआईडीसी अधिकारियों को दी गई है। इसके अलावा सभी विभागों को सड़कों से धूल-मिट्टी, कचरा और निर्माण सामग्री का मलबा हटाने के लिए नियमित सफाई और निगरानी सुनिश्चित करने को कहा गया है।

निगमायुक्त ने यह भी कहा कि केवल सड़कों की सफाई से प्रदूषण पर नियंत्रण नहीं होगा, बल्कि सड़क किनारों को भी पक्का करना जरूरी है। इसके लिए सभी विभाग अपने क्षेत्र की सड़कों को एंड-टू-एंड पेव्ड करवाएं, ताकि किनारों पर मिट्टी जमा न हो और वाहनों की आवाजाही से धूल न उड़े। इसके साथ ही ग्रीन बेल्ट को व्यवस्थित रखने, फुटपाथों की मरम्मत कराने और पैदल यात्रियों के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए। ट्रैफिक पुलिस को यातायात सुचारू रखने और सड़कों पर अनावश्यक जाम की स्थिति को रोकने के लिए कहा गया है।

बैठक में निगमायुक्त ने वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग यानी सीएक्यूएम के तहत निर्धारित सिटी एक्शन प्लान के लक्ष्यों को तय समय सीमा में पूरा करने पर भी जोर दिया। उन्होंने सभी विभागों को आपसी तालमेल के साथ काम करने और प्रदूषण नियंत्रण से जुड़े कार्यों की नियमित समीक्षा करने के निर्देश दिए। निगमायुक्त ने साफ किया कि गुरुग्राम में प्रदूषण कम करने के लिए सभी संबंधित विभागों को अपनी जिम्मेदारी गंभीरता से निभानी होगी, ताकि शहरवासियों को स्वच्छ वातावरण और बेहतर शहरी सुविधाएं मिल सकें।