Gurugram- हरियाणा दिवस के मौके पर प्रदेश की 60 वर्षों की विकास यात्रा और गौरवशाली विरासत को याद करते हुए गुरुग्राम में हीरक जयंती समारोह का आयोजन किया गया। सिविल लाइंस स्थित स्वतंत्रता सेनानी जिला परिषद सभागार यानी जॉन हॉल में आयोजित इस कार्यक्रम में हरियाणा की लोक संस्कृति, कला और परंपराओं की शानदार झलक देखने को मिली।

कार्यक्रम में गुरुग्राम की मेयर राजरानी मल्होत्रा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। कार्यक्रम के नोडल अधिकारी एवं बादशाहपुर के एसडीएम संजीव सिंगला और डीआईपीआरओ बिजेंद्र कुमार ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका स्वागत किया।

समारोह का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इस दौरान मेयर राजरानी मल्होत्रा ने प्रदेशवासियों को हरियाणा दिवस और हीरक जयंती की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि हरियाणा ने अपने 60 साल के सफर में विकास के कई नए मुकाम हासिल किए हैं। कृषि, उद्योग, शिक्षा, खेल, स्वास्थ्य और बुनियादी सुविधाओं के क्षेत्र में प्रदेश ने अपनी अलग पहचान बनाई है।

मेयर ने कहा कि हरियाणा की तरक्की के पीछे यहां के मेहनती किसान, जवान, खिलाड़ी और आम नागरिकों का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। इन्हीं लोगों की मेहनत और प्रतिभा ने प्रदेश को देश ही नहीं, बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी पहचान दिलाई है। उन्होंने कहा कि हरियाणा की लोक संस्कृति, रीति-रिवाज और परंपराएं हमारी पहचान हैं। आज की युवा पीढ़ी को अपनी जड़ों और ऐतिहासिक विरासत से जोड़ना बेहद जरूरी है। ऐसे आयोजन प्रदेश की उपलब्धियों को याद करने के साथ-साथ आने वाली पीढ़ियों को हरियाणा के गौरवशाली इतिहास से परिचित कराने का काम करते हैं।

समारोह के दौरान कुरुक्षेत्र में आयोजित राज्य स्तरीय हीरक जयंती कार्यक्रम का सीधा प्रसारण भी दिखाया गया। इसके अलावा हरियाणा के सिनेमाई सफर पर आधारित एक विशेष डॉक्यूमेंट्री भी प्रदर्शित की गई। सांस्कृतिक कार्यक्रमों में हरियाणवी कलाकार मोंटी शर्मा के ग्रुप ने रागनी और लोकगीतों की शानदार प्रस्तुतियां दीं। वहीं, देव समाज स्कूल के विद्यार्थियों ने पारंपरिक हरियाणवी लोकनृत्य पेश कर दर्शकों का मन मोह लिया। इन प्रस्तुतियों के जरिए सभागार में हरियाणवी संस्कृति और परंपराओं का रंग देखने को मिला।

कार्यक्रम स्थल पर हरियाणा के नक्शे और हीरक जयंती की थीम पर आधारित आकर्षक रंगोली भी बनाई गई, जो लोगों के बीच खास आकर्षण का केंद्र रही। इस अवसर पर वरिष्ठ भाजपा नेता तिलकराज मल्होत्रा, एडीआईओ नवीन अहलावत, शिक्षा विभाग से एईओ जगदीश अहलावत, स्वतंत्रता सेनानी उत्तराधिकारी समिति के अध्यक्ष कपूर सिंह दलाल, सूबेदार बिजेंद्र सिंह ठाकरान और प्राचार्य संगीता सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।

समारोह में हरियाणवी सिनेमा के इतिहास को दर्शाने वाली विशेष प्रदर्शनी भी लगाई गई। सिनेमैटिक हरियाणा और मिशन हरियाणा की ओर से आयोजित इस प्रदर्शनी में हरियाणवी फिल्मों के शुरुआती दौर से लेकर मौजूदा समय तक के सफर को तस्वीरों और अन्य माध्यमों से दर्शाया गया।
सिनेमैटिक हरियाणा के संस्थापक पुनीत शर्मा ने प्रदर्शनी के माध्यम से हरियाणवी सिनेमा के इतिहास, प्रमुख उपलब्धियों और फिल्म जगत के विकास की जानकारी साझा की। इस प्रदर्शनी के जरिए लोगों को हरियाणा की सांस्कृतिक पहचान के एक महत्वपूर्ण हिस्से से रूबरू होने का मौका मिला।






