Gurugram- गुरुग्राम की सड़कों पर अब बिना नंबर प्लेट वाहन लेकर घूमने वालों की खैर नहीं है। यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ गुरुग्राम ट्रैफिक पुलिस ने सख्ती शुरू कर दी है। इसी कड़ी में सेक्टर-5 इलाके में बिना नंबर प्लेट के घूम रही एक काले रंग की थार गाड़ी को पुलिस ने पकड़कर इंपाउंड कर दिया।

जानकारी के मुताबिक, गुरुग्राम यातायात पुलिस की टीम सेक्टर-5 इलाके में कार्रवाई कर रही थी। इसी दौरान पुलिस की नजर एक काले रंग की थार पर पड़ी, जिस पर नंबर प्लेट नहीं लगी हुई थी। इसके बाद यातायात निरीक्षक पश्चिम-5 कृष्ण कुमार और जोनल अधिकारी एएसआई श्यामपाल ने कार्रवाई करते हुए थार को काबू कर लिया और उसे इंपाउंड कर दिया।

यातायात पुलिस के मुताबिक, बिना नंबर प्लेट के वाहन चलाना यातायात नियमों का गंभीर उल्लंघन है। ऐसे वाहनों की पहचान करना मुश्किल हो जाता है। अगर वाहन किसी सड़क हादसे, आपराधिक वारदात या यातायात नियमों के उल्लंघन में शामिल होता है, तो उसकी पहचान और चालक की जवाबदेही तय करने में भी परेशानी आती है।

गुरुग्राम यातायात पुलिस ने वाहन चालकों को स्पष्ट संदेश दिया है कि गाड़ी चाहे कितनी भी महंगी या प्रभावशाली क्यों न हो, नियमों से ऊपर कोई नहीं है। सभी वाहन चालक अपने वाहनों के आगे और पीछे निर्धारित नियमों के अनुसार नंबर प्लेट लगाकर ही सड़क पर निकलें। पुलिस ने चेतावनी दी है कि वाहन की पहचान छिपाने या बिना नंबर प्लेट के सड़क पर वाहन चलाने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।