Gurugram- गुरुग्राम में अपराध शाखा सेक्टर-40 की टीम ने अवैध हथियारों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 5 अवैध पिस्टल, 11 मैगजीन और एक कार बरामद की है। गिरफ्तार आरोपियों में एक ऐसा अपराधी भी शामिल है, जो हत्या, हत्या के प्रयास, लूट, डकैती और अपहरण जैसे गंभीर अपराधों में शामिल रहा है। आरोपी दीपक पर गुरुग्राम, सोनीपत, रेवाड़ी और दिल्ली में कुल 8 आपराधिक मामले दर्ज हैं।

पुलिस के मुताबिक, यह कार्रवाई 29 अक्टूबर को की गई। अपराध शाखा सेक्टर-40 के इंचार्ज उप-निरीक्षक ललित कुमार की टीम को अपने विश्वसनीय सूत्रों से सूचना मिली थी कि दो व्यक्ति कार में अवैध हथियार लेकर सेक्टर-112 बजघेड़ा इलाके में मौजूद हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए मौके से दोनों आरोपियों को कार सहित काबू कर लिया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान 27 वर्षीय दीपक निवासी जाटी कलां, जिला सोनीपत और 28 वर्षीय राहुल निवासी नांगल कलां, जिला सोनीपत के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान पुलिस ने इनके कब्जे से 5 पिस्टल और 11 मैगजीन बरामद कीं। इसके बाद थाना बजघेड़ा में आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस पूछताछ में सामने आया कि आरोपी दीपक साल 2019 से 2025 तक हत्या और अन्य आपराधिक मामलों में जेल में बंद रहा था। दिसंबर 2025 में हाईकोर्ट से जमानत मिलने के बाद वह जेल से बाहर आया था। पुलिस के अनुसार, जेल से बाहर आने के बाद दीपक ने अपना खुद का गिरोह बनाने की योजना बनाई और अपने गांव के पास रहने वाले राहुल समेत कुछ अन्य युवकों को अपने साथ जोड़ लिया।

पूछताछ में हथियार खरीदने के पीछे कई वजह भी सामने आई हैं। पुलिस के मुताबिक, दीपक का कुछ लोगों के साथ पैसों के लेन-देन को लेकर विवाद चल रहा था। उसने उन लोगों पर हमला करने की योजना बनाई थी। इसके अलावा, साल 2015 में सोनीपत में उसके बुआ के बेटे की हत्या हुई थी, जिसका बदला लेने की भी उसकी योजना थी।

पुलिस के अनुसार, दीपक ने मध्य प्रदेश के खरगोन जिले से करीब 3 लाख रुपये में ये हथियार खरीदे थे। वहीं, साल 2018 में अपने ही गांव के सतबीर नाम के व्यक्ति की हत्या करने के बाद उसके बेटों के साथ भी दीपक की दुश्मनी चल रही थी। उसे आशंका थी कि सतबीर के बेटे उसकी हत्या का बदला ले सकते हैं। इसी वजह से भी वह हथियार अपने पास रखना चाहता था।

पुलिस पूछताछ में एक और अहम खुलासा हुआ है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी दीपक ने दिल्ली के द्वारका इलाके में हुई छीना-झपटी और लूट की एक वारदात के मुख्य आरोपी को भी हथियार उपलब्ध कराए थे। वहीं, पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, दीपक के खिलाफ गुरुग्राम, सोनीपत, रेवाड़ी और दिल्ली में हत्या, हत्या के प्रयास, लूट, डकैती, चोरी, फिरौती के लिए अपहरण और आर्म्स एक्ट समेत कुल 8 मामले दर्ज हैं।

फिलहाल पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है। बरामद हथियारों के स्रोत, उनके इस्तेमाल और अन्य संभावित आपराधिक वारदातों में इनकी भूमिका की जांच की जा रही है।