Gurugram- गुरुग्राम के सेक्टर-5 इलाके में कार की सनरूफ खोलकर सड़क पर हुड़दंग मचाने और एक परिवार के साथ अभद्र व्यवहार करने के मामले में पुलिस ने तीन युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल की गई क्रेटा कार भी बरामद कर ली है।

दरअसल, 31 अक्टूबर की रात एक सफेद रंग की क्रेटा कार में सवार कुछ युवक तेज आवाज में म्यूजिक बजाते हुए सेक्टर-5 इलाके की एक गली में पहुंचे थे। आरोप है कि युवकों ने कार की सनरूफ खोलकर हुड़दंगबाजी की। इस दौरान कुछ युवक कार की छत से बाहर निकलकर हाथ लहराते हुए शोर-शराबा कर रहे थे।

इतना ही नहीं, युवकों पर शिकायतकर्ता के परिवार के साथ बदतमीजी करने का भी आरोप है। घटना से परेशान होकर पीड़ित ने पुलिस थाना सेक्टर-5 में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

मामले की गंभीरता को देखते हुए सेक्टर-5 थाना पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए 1 नवंबर को तीन आरोपियों को काबू कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान 18 वर्षीय प्रवीन कुमार, निवासी 12 बिस्वा, गुड़गांव गांव, 19 वर्षीय यश, निवासी सेक्टर-12 राजीव नगर और 22 वर्षीय दिव्यांश, निवासी 12 बिस्वा, गुड़गांव गांव के रूप में हुई है।

पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने अपने दोस्तों के साथ कार की सनरूफ खोलकर तेज आवाज में म्यूजिक बजाने, हाथ लहराकर हुड़दंगबाजी करने और राहगीरों के साथ अभद्र व्यवहार करने की बात स्वीकार की है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल की गई एक क्रेटा कार भी बरामद की है। फिलहाल पुलिस मामले में आगामी कानूनी कार्रवाई कर रही है और जांच जारी है।

गुरुग्राम पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सार्वजनिक स्थानों पर हुड़दंग मचाने, तेज आवाज में म्यूजिक बजाने और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों पर लगातार नजर रखी जा रही है। ऐसे लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।