Gurugram- गोल्फ कोर्स रोड पर देर रात तेज रफ्तार का ऐसा कहर देखने को मिला, जिसने सड़क पर चल रही कई गाड़ियों को बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया। डीएलएफ फेज-2 इलाके में चार गाड़ियां आपस में टकरा गईं। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि एक कैब सड़क पर पलट गई और दूसरी कार के सभी एयरबैग खुल गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के मुताबिक, यह हादसा रात करीब 1 बजकर 15 मिनट पर गोल्फ कोर्स कनेक्टिंग रोड से डीएलएफ फेज-2 की तरफ जाने वाले रास्ते पर हुआ। बताया जा रहा है कि सड़क पर तेज रफ्तार से जा रही गाड़ियों के बीच अचानक एक वाहन का संतुलन बिगड़ गया। इसके बाद एक के बाद एक चार गाड़ियां आपस में टकरा गईं।
टक्कर की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि एक कैब टक्कर के बाद पलट गई और सड़क पर काफी दूर तक घिसटती चली गई। कैब का ड्राइवर अंदर ही फंस गया। वहीं, हादसे में शामिल एक अन्य कार के सभी एयरबैग खुल गए। दुर्घटना होते देख वहां से गुजर रहे वाहन चालक और राहगीर तुरंत मदद के लिए रुक गए। उन्होंने काफी मशक्कत के बाद कैब में फंसे ड्राइवर को बाहर निकाला और पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। घायल कैब चालक को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। इसके अलावा दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को क्रेन की मदद से सड़क से हटवाया गया, ताकि यातायात व्यवस्था प्रभावित न हो। गनीमत रही कि चार गाड़ियों की इस भीषण टक्कर के बावजूद किसी की जान नहीं गई। हालांकि हादसे में कैब चालक घायल हुआ है।
वहीं, पुलिस अब इस पूरे घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ने में जुटी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि सबसे पहले किस गाड़ी का संतुलन बिगड़ा और आखिर टक्कर की असली वजह क्या थी। पुलिस का कहना है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।






