Gurugram- गुरुग्राम में दिल्ली-जयपुर हाईवे यानी NH-48 पर सफर करने वाले वाहन चालकों के लिए जरूरी खबर है। रविवार, 1 नवंबर को दोपहर के समय गांव खांडसा के पास हाईवे पर ट्रैफिक ब्लॉक रहेगा। इस दौरान वाहन चालकों को कुछ समय के लिए परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।

गुरुग्राम ट्रैफिक पुलिस की ओर से जारी एडवाइजरी के मुताबिक, गांव खांडसा के पास 66 केवी की हरसरू-सैक्टर-35-बादशाहपुर ट्रांसमिशन लाइन NH-48 को क्रॉस करती है। इसी लाइन का कंडक्टर 18 जुलाई 2026 को टूट गया था, जिसकी वजह से उस समय हाईवे पर लंबा जाम लग गया था।

भविष्य में ऐसी किसी घटना से बचने और ट्रांसमिशन नेटवर्क को मजबूत करने के लिए हरियाणा विद्युत प्रसारण निगम यानी HVPNL की ओर से इस लाइन के पुराने कंडक्टर को हटाकर नए HTLS कंडक्टर लगाए जा रहे हैं। यह काम टर्नकी आधार पर किया जा रहा है।

इस कार्य को सुरक्षित तरीके से पूरा करने के लिए 1 नवंबर, रविवार दोपहर को गांव खांडसा के पास NH-48 के लाइन क्रॉसिंग पॉइंट पर ट्रैफिक रोका जाएगा। ट्रैफिक पुलिस के अनुसार, इस दौरान तीन बार ट्रैफिक ब्लॉक लगाया जाएगा और हर बार लगभग 15 से 20 मिनट तक वाहनों को रोका या डायवर्ट किया जाएगा।

ऐसे में दिल्ली से जयपुर और जयपुर से दिल्ली की तरफ जाने वाले वाहन चालकों को सलाह दी गई है कि रविवार दोपहर हाईवे से निकलने से पहले अतिरिक्त समय लेकर चलें। वहीं, खांडसा गांव कट के आसपास वाहन चालकों को ट्रैफिक पुलिस के निर्देशों का पालन करना होगा। जाम और असुविधा से बचने के लिए वाहन चालक सर्विस लेन या SPR रोड का वैकल्पिक रास्ते के रूप में इस्तेमाल कर सकते हैं। ट्रैफिक पुलिस ने यह भी स्पष्ट किया है कि इस दौरान इमरजेंसी वाहनों को प्राथमिकता दी जाएगी।