समाधान शिविर में डीसी उत्तम सिंह ने सुनीं लोगों की समस्याएं,अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश
SM
Sahil Manchanda
Published on Aug 10, 2026 • 2 min read
समाधान शिविर के दौरान डीसी उत्तम सिंह ने लोगों की समस्याएं सुनीं। अधिकारियों को शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर जल्द समाधान के निर्देश दिए।
Gurugram- सोमवार को आयोजित समाधान शिविर में डीसी उत्तम सिंह ने आमजन की शिकायतें सुनीं और संबंधित अधिकारियों को इनके जल्द और प्रभावी समाधान के निर्देश दिए। डीसी ने कहा कि समाधान शिविर का मकसद लोगों को छोटी-बड़ी समस्याओं के लिए बार-बार सरकारी दफ्तरों के चक्कर लगाने से राहत देना है। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि हर शिकायत को गंभीरता से लेते हुए तय समयसीमा में उसका स्थायी समाधान सुनिश्चित किया जाए।
शिविर में डीसी ने कुल 10 शिकायतों की सुनवाई की। उन्होंने खास तौर पर बुजुर्गों, महिलाओं और दिव्यांगजनों की समस्याओं पर संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई करने के निर्देश दिए। डीसी ने कहा कि शिकायत का निपटारा सिर्फ औपचारिकता तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि संबंधित व्यक्ति को वास्तविक और स्थायी राहत मिलनी चाहिए। उन्होंने सभी विभागों के अधिकारियों को आपसी तालमेल के साथ काम करने और लोगों को सरकारी सेवाओं का लाभ पारदर्शी तरीके से उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
बता दें कि जिला स्तर पर लघु सचिवालय और उपमंडल स्तर पर एसडीएम कार्यालय में हर सोमवार और वीरवार को समाधान शिविर लगाए जा रहे हैं। सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक आयोजित होने वाले इन शिविरों में परिवार पहचान पत्र, पेंशन, संपत्ति एवं स्वामित्व, बिजली-पानी समेत विभिन्न नागरिक सेवाओं से जुड़ी शिकायतें सुनी जाती हैं। अधिकारियों द्वारा शिकायतों का नियमानुसार मौके पर समाधान करने या निर्धारित समयसीमा में कार्रवाई करने का प्रयास किया जाता है।
शिविर में एसडीएम गुरुग्राम हितेंद्र कुमार, नगर निगम की संयुक्त आयुक्त सपना यादव समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
Tags:GurgaonGurugramGurugramnewsdcproblemssamadhanshivir