BreakingLoading breaking news...
Bolta Gurugram Logo
...
Home/Social/द्वारका एक्सप्रेसवे पर तेज रफ्तार का कहर, चार मजदूरों को कार ने कुचला, दो की मौत

द्वारका एक्सप्रेसवे पर तेज रफ्तार का कहर, चार मजदूरों को कार ने कुचला, दो की मौत

SM

Sahil Manchanda

Published on Sep 17, 20263 min read

द्वारका एक्सप्रेसवे पर तेज रफ्तार का कहर, चार मजदूरों को कार ने कुचला, दो की मौत
तेज रफ्तार कार ने ग्रिल लगाने का काम कर रहे चार मजदूरों को कुचल दिया। हादसे में दो मजदूरों की मौत हो गई, जबकि दो गंभीर रूप से घायल है।
Gurugram- गुरुग्राम के द्वारका एक्सप्रेसवे पर एक बार फिर तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला है। दिल्ली की तरफ जा रही एक तेज रफ्तार कार ने श्रीराम चौक के पास डिवाइडर पर ग्रिल लगाने का काम कर रहे चार मजदूरों को कुचल दिया। हादसा इतना भीषण था कि दो मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे में कार चालक भी घायल हुआ है।

घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई और घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। वहीं, पुलिस को भी घटना की सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने हादसे में क्षतिग्रस्त कार को भी कब्जे में लिया है।

हादसे का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि टक्कर के बाद कार डिवाइडर की ग्रिल तोड़ते हुए डिवाइडर पर जा चढ़ी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि चारों मजदूर काफी दूर जा गिरे।पुलिस के मुताबिक, हादसे में जान गंवाने वाले मजदूरों की पहचान उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर निवासी बिजेंद्र और पप्पू के रूप में हुई है। वहीं, सतीश चंद और राम कुमार गंभीर रूप से घायल हुए हैं और उनका इलाज कराया जा रहा है।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि हादसे के समय चारों मजदूर द्वारका एक्सप्रेसवे पर डिवाइडर में ग्रिल लगाने का काम कर रहे थे। श्रीराम चौक के पास मजदूर ग्रिल लगाने में जुटे हुए थे। सतीश और राम कुमार ग्रिल को पकड़े हुए थे, जबकि बिजेंद्र और पप्पू ग्रिल के पेच कसने का काम कर रहे थे।

इसी दौरान दिल्ली की तरफ से एक बीट कार तेज रफ्तार में वहां पहुंची और मजदूरों को अपनी चपेट में ले लिया। पुलिस के मुताबिक, कार को अपनी तरफ आता देखकर सतीश और राम कुमार पीछे ग्रीन बेल्ट एरिया की तरफ कूदने की कोशिश भी की, लेकिन वे हादसे की चपेट में आ गए।टक्कर के बाद चारों मजदूर काफी दूर जा गिरे। इस भीषण हादसे में बिजेंद्र और पप्पू की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं सतीश चंद और राम कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए।

हादसे में कार भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हुई है। प्रारंभिक जांच के अनुसार कार सेक्टर-110 स्थित इंडिया बुल्स एनिग्मा सोसाइटी निवासी वेदान खन्ना चला रहा था। पुलिस के मुताबिक वेदान दिल्ली यूनिवर्सिटी का छात्र है और हादसे में वह भी घायल हुआ है। उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

यह हादसा बजघेड़ा थाना क्षेत्र के अंतर्गत श्रीराम चौक के पास हुआ, जहां द्वारका एक्सप्रेसवे के निर्माण और रखरखाव से जुड़ी कंपनी के मजदूर डिवाइडर पर ग्रिल लगाने का काम कर रहे थे।
वहीं, पुलिस की प्रारंभिक जांच में काम करा रहे ठेकेदार की लापरवाही का पहलू भी सामने आया है। पुलिस के मुताबिक, मजदूरों को सड़क पर काम के लिए लगाया गया था, लेकिन सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं किए गए थे।

बताया जा रहा है कि काम के दौरान न तो सड़क को बंद किया गया था और न ही वाहनों को पहले से सतर्क करने के लिए पर्याप्त रिफ्लेक्टिंग लाइट या चेतावनी व्यवस्था की गई थी।फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। घायलों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। पुलिस हादसे के कारणों और जिम्मेदारी से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है। घायलों के बयान और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Tags:GurgaongurugramGurugramnewsharyanaharyananewsaccidentdeathpolicegurgaonpolice

More from Social