Gurugram- दिल्ली-जयपुर हाईवे पर राजीव चौक के पास रविवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब नगर निगम की सफाई करने वाली गाड़ी अचानक आग की चपेट में आ गई।बताया जा रहा है कि सफाई ट्रक राजीव चौक और आसपास के इलाके में रोजाना की तरह सफाई और कचरा उठाने का काम कर रहा था। 

इसी दौरान फ्लाईओवर के नीचे पहुंचते ही गाड़ी के इंजन से अचानक धुआं निकलने लगा।ड्राइवर ने खतरा भांपते हुए तुरंत गाड़ी सड़क किनारे रोकी और बाहर निकल गया। देखते ही देखते इंजन से निकली आग ने पूरी गाड़ी को अपनी चपेट में ले लिया। कुछ ही मिनटों में ट्रक धू-धू कर जलने लगा।

हादसे की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक गाड़ी का इंजन और केबिन बुरी तरह जल चुके थे।प्रारंभिक तौर पर आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट या तकनीकी खराबी बताई जा रही है। हालांकि, आग की वास्तविक वजह क्या थी, इसकी पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही होगी।

सबसे राहत की बात यह रही कि हादसे में ड्राइवर ने समय रहते गाड़ी से बाहर निकलकर अपनी जान बचा ली। घटना में किसी के घायल होने या जनहानि की सूचना नहीं है।नगर निगम और संबंधित विभाग की ओर से अब यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि आखिर सफाई वाहन में आग लगने की वजह क्या रही और भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोकने के लिए क्या कदम उठाए जा सकते हैं।