Gurugram- शहर को अतिक्रमण मुक्त बनाने के लिए जीएमडीए और नगर निगम गुरुग्राम ने सोमवार को कई इलाकों में बड़े स्तर पर कार्रवाई की। जीएमडीए ने ‘अतिक्रमण मुक्त गुरुग्राम’ अभियान के छठे दिन करीब 10 किलोमीटर सड़क क्षेत्र को अतिक्रमण मुक्त कराया, जबकि एमसीजी की टीमों ने भी शहर के कई प्रमुख बाजारों, सड़कों और सार्वजनिक रास्तों से अवैध कब्जे हटाए।

जीएमडीए की टीम ने सुभाष चौक से हीरो होंडा चौक तक करीब 3.5 किलोमीटर क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए करीब 25 अस्थायी ढाबे, रेस्टोरेंट, खोखे और फर्नीचर दुकानों से जुड़े ढांचे हटाए। इसके अलावा दो पौध नर्सरियां, तीन भवन निर्माण सामग्री की दुकानें और करीब 10 अवैध रेहड़ियां भी हटाई गईं।

वहीं सुभाष चौक से हुडा सिटी सेंटर मेट्रो स्टेशन तक करीब 4.5 किलोमीटर क्षेत्र में करीब 35 अवैध शेड और उनके विस्तार तोड़े गए और पांच झुग्गियां हटाई गईं। अधिकारियों के मुताबिक इन कब्जों के कारण सड़क की चौड़ाई प्रभावित हो रही थी और वाहन चालकों व पैदल राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।

सेक्टर-45/46 और 46/47 में भी कार्रवाई
जीएमडीए ने सेक्टर-45/46 और 46/47 की डिवाइडिंग रोड पर करीब 2 किलोमीटर क्षेत्र में भी अभियान चलाया। यहां 15 झुग्गियां, 12 स्थायी श्रमिक झोपड़ियां व टिन शेड और दो अवैध होर्डिंग्स हटाए गए। कार्रवाई के बाद सड़क क्षेत्र को दोबारा सार्वजनिक उपयोग के लिए खाली कराया गया।

एमसीजी ने भी कई इलाकों में चलाया अभियान
उधर, नगर निगम गुरुग्राम की टीमों ने सदर बाजार, न्यू कॉलोनी, मदनपुरी मार्केट रोड, फिरोज गांधी कॉलोनी, हीरो होंडा चौक से खांडसा मंडी, धनकोट, सेक्टर-59 और बादशाहपुर समेत कई इलाकों में अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई की।

सदर बाजार और न्यू कॉलोनी में सार्वजनिक सड़कों और रास्तों पर किए गए अवैध कब्जे और अस्थायी ढांचे हटाए गए। वहीं मदनपुरी मार्केट रोड, फिरोज गांधी कॉलोनी और न्यू कॉलोनी रोड पर दुकानों व होटलों के सामने बनाए गए अस्थायी शेड, अनधिकृत एक्सटेंशन और सड़क किनारे किए गए अतिक्रमण हटाए गए।.

हीरो होंडा चौक से खांडसा मंडी तक भी सड़क किनारे किए गए अतिक्रमण हटाए गए। वहीं श्याम चौक, धनकोट और आसपास के क्षेत्रों में दुकानों, होटलों और ढाबों के सामने बने अस्थायी शेड और अनधिकृत एक्सटेंशन पर कार्रवाई हुई

बादशाहपुर की 33 फुट फिरनी भी कराई अतिक्रमण मुक्त
बादशाहपुर की 33 फुट चौड़ी फिरनी से भी अतिक्रमण हटाया गया। निगम के मुताबिक सार्वजनिक रास्तों को बाधामुक्त करना अभियान का प्रमुख उद्देश्य है, ताकि स्थानीय लोगों की आवाजाही बेहतर हो सके।

दोबारा कब्जा करने वालों पर भी रहेगी नजर
जीएमडीए के सीईओ पी.सी. मीणा ने कहा कि अभियान का उद्देश्य केवल अतिक्रमण हटाना नहीं, बल्कि सड़कों के निर्धारित राइट ऑफ वे (ROW) को स्थायी रूप से बहाल करना है। खाली कराए गए क्षेत्रों में दोबारा अतिक्रमण न हो, इसके लिए नियमित निगरानी की जाएगी।
कार्रवाई के दौरान हटाए गए मलबे को तत्काल उठाने के लिए 3-4 ट्रैक्टर-ट्रॉलियां भी फील्ड में तैनात की जाएंगी। इससे सड़कों और आसपास के क्षेत्रों की सफाई में तेजी आएगी।

वही नगर निगम आयुक्त प्रदीप दहिया ने भी स्पष्ट किया कि अतिक्रमण हटाने का अभियान किसी एक क्षेत्र तक सीमित नहीं रहेगा। शहर के अलग-अलग जोन में चिन्हित अतिक्रमण और अनधिकृत कब्जों के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।जीएमडीए और एमसीजी का कहना है कि अभियान का उद्देश्य सार्वजनिक रास्तों को बाधामुक्त करना, यातायात व्यवस्था बेहतर बनाना, सुरक्षित पैदल आवागमन सुनिश्चित करना और सड़कों के निर्धारित क्षेत्र को दोबारा सार्वजनिक उपयोग में लाना है।






