31 जुलाई को जारी होगी गुरुग्राम की प्रारंभिक फोटोयुक्त मतदाता सूची, 30 अगस्त तक करें दावे और आपत्तियां

डीसी ने बताया कि विशेष गहन पुनरीक्षण के दौरान फर्जी, स्थानांतरित, मृत और डुप्लीकेट चिह्नित मतदाताओं के नाम प्रारंभिक सूची से अलग किए गए हैं। इन मतदाताओं की एएसडीडी (ASDD) सूची संबंधित बीएलओ, निर्वाचन पंजीयन अधिकारी कार्यालय तथा जिला निर्वाचन कार्यालय में उपलब्ध रहेगी, ताकि कोई भी व्यक्ति उसका अवलोकन कर सके।
इससे पहले हरियाणा के मुख्य निर्वाचन अधिकारी ए. श्रीनिवास ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रदेश के सभी जिला निर्वाचन अधिकारियों और उपायुक्तों के साथ समीक्षा बैठक की।
बैठक में उन्होंने सभी जिलों को आयोग द्वारा निर्धारित समय-सीमा के भीतर विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान को पारदर्शी, गुणवत्तापूर्ण और त्रुटिरहित तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए।डीसी उत्तम सिंह ने बताया कि प्रारंभिक फोटोयुक्त मतदाता सूची और एएसडीडी सूची मुख्य निर्वाचन अधिकारी, हरियाणा की वेबसाइट पर भी उपलब्ध रहेगी, जिससे मतदाता घर बैठे अपने नाम और अन्य विवरण की जांच कर सकेंगे।
डीसी ने बताया कि प्रारूप मतदाता सूची तथा एएसडीडी सूची मुख्य निर्वाचन अधिकारी, हरियाणा की वेबसाइट https://ceoharyana.gov.in/ पर भी उपलब्ध रहेगी, ताकि आम नागरिक आसानी से अपने नाम एवं अन्य विवरण की जांच कर सकें।
*30 अगस्त तक दर्ज कर सकेंगे दावे और आपत्तियां*
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि 31 जुलाई से 30 अगस्त 2026 तक मतदाता सूची में नाम जोड़ने, हटाने अथवा संशोधन कराने के लिए दावे एवं आपत्तियां स्वीकार की जाएंगी। प्राप्त सभी आवेदनों का नियमानुसार निस्तारण किया जाएगा और 28 सितंबर 2026 तक सभी मामलों का समाधान कर 3 अक्टूबर 2026 को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी।उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे समय रहते अपने मतदाता विवरण का सत्यापन अवश्य करें और लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी निभाएं।
*दोपहर 2 से शाम 5 बजे तक एईआरओ कार्यालयों में मिलेगी सुविधा*
मतदाता अपने संबंधित सहायक निर्वाचक पंजीयन अधिकारी (AERO) कार्यालय में दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे के बीच संपर्क कर सकते हैं। यहां नाम जोड़ने, हटाने, संशोधन सहित अन्य निर्वाचन संबंधी कार्यों के लिए आवश्यक दस्तावेजों के साथ आवेदन जमा किए जा सकेंगे।
जिले के गुरुग्राम, बादशाहपुर, सोहना और पटौदी विधानसभा क्षेत्रों के लिए अलग-अलग एईआरओ कार्यालय और सुनवाई स्थल निर्धारित किए गए हैं, जहां संबंधित मतदान केंद्रों के मतदाता अपने दावे एवं आपत्तियां प्रस्तुत कर सकते हैं।
*31 जुलाई को राजनीतिक दलों के साथ होगी बैठक*
प्रारंभिक फोटोयुक्त मतदाता सूची के प्रकाशन के संबंध में 31 जुलाई को दोपहर 12 बजे लघु सचिवालय स्थित सभागार में जिले के सभी मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय एवं राज्य स्तरीय राजनीतिक दलों की बैठक आयोजित की जाएगी। बैठक में प्रारंभिक मतदाता सूची, दावे एवं आपत्तियों की प्रक्रिया तथा एएसडीडी सूची से जुड़े विषयों पर विस्तार से चर्चा की जाएगी।




